May 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

सासाराम से पटना जा रही ट्रेन की बोगी में लगी भीषण आग, मचा हड़कंप, घटना की जांच जारी

बिहार: बिहार के रोहतास जिले के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब सासाराम से आरा होते हुए पटना जाने वाली एक पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लग गई। घटना सुबह करीब छह बजे की बताई जा रही है।

ट्रेन में आग लगते ही प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्रियों और रेलकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया। यात्री अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। देखते ही देखते आग ने एक बोगी को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने के कुछ ही देर बाद धुआं पूरी बोगी में फैल गया, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि समय रहते यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और यात्रियों ने रेलवे प्रबंधन की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि स्टेशन पर पर्याप्त अग्निशमन व्यवस्था नहीं होने के कारण आग पर शुरुआती समय में काबू नहीं पाया जा सका। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पानी और अग्निशमन यंत्रों का उपयोग किया गया होता, तो नुकसान को काफी हद तक रोका जा सकता था।

स्थानीय लोगों ने बताया कि ट्रेन में रिफिलिंग के लिए बिछाई गई पाइपलाइन में पानी उपलब्ध नहीं था। इतना ही नहीं, रेलवे स्टेशन पर मौजूद कई अग्निशमन सिलेंडरों में गैस भी नहीं थी। इसी कारण शुरुआती समय में रेलकर्मियों को आग बुझाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे की लापरवाही और सुरक्षा व्यवस्था की कमी के कारण आग तेजी से फैल गई और एक पूरी बोगी जलकर खाक हो गई।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से बाद में जली हुई बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों ने अन्य बोगियों की भी जांच की ताकि आग दोबारा न फैल सके। घटना के दौरान स्टेशन परिसर में धुएं का गुबार फैल गया था। जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों में काफी भय का माहौल देखा गया। कई यात्री अपना सामान छोड़कर जान बचाने के लिए भागते नजर आए। हालांकि रेलवे प्रशासन ने बाद में स्थिति को नियंत्रित कर लिया।

आरपीएफ निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। रेलवे प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और तकनीकी टीम को भी जांच में लगाया गया है। इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। बावजूद इसके इस घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Share to...