April 22, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

जम्मू कश्मीर के कठुआ में फिर आतंकी हमला, 5 जवान शहीद 5 हुए घायल, सर्च ऑपरेशन जारी

जम्मू कश्मीर: जम्मू कश्मीर में एक बार फिर आतंकी हमला हुआ हैं। जम्मू कश्मीर के कठुआ में आतंकियों ने घात लगाकर सुरक्षाबलों पर बड़ा हमला कर दिया। इस आतंकी हमले में 5 जवान शहीद हो गए, जबकि 5 जवान घायल हुए हैं। पिछले 1 महीने में यह जम्मू संभाग में हुआ छठवां बड़ा हमला है, जबकि कठुआ जिले में एक महीने में ये दूसरा बड़ा आतंकी हमला है।

बताया जा रहा है कि हमला बिलावर के मचेडी-किंडली-मल्हार सड़क पर हुआ। यहां सुरक्षाबलों के 10 जवान सेना के वाहन से बदनोता गांव के पास माचेडी-किंडली-मल्हार मार्ग पर नियमित गश्त पर जा रहे थे। इसी दौरान आतंकियों ने मल्हार सड़क से सटी एक पहाड़ी पर पोजीशन ले रखी थी। जैसे ही सैन्य वाहन गुजरा आतंकियों ने घात लगाकर पहले ग्रेनेड फेंका और उसके बाद आधुनिक हथियारों से फायरिंग शुरू कर दी।

सुरक्षा एजेंसियों को शक है कि हमले में करीब 3 आतंकी शामिल थे। इतना ही नहीं हमले के दौरान आतंकियों के साथ स्थानीय गाइड के भी साथ होने की आशंका जताई जा रही है। इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन कश्मीर टाइगर्स ने ली है। संगठन का कहना है कि उसके कैडर ने इस हमले में एम4 असॉल्ट राइफल, स्नाइपर, ग्रेनेड और दूसरे हथियारों का इस्तेमाल किया है। आतंकी संगठन ने आने वाले दिनों में इस तरह के और हमले करने की कसम खाई है। संगठन का कहना है कि यह हमला 26 जून को डोडा में 3 आतंकियों की हत्या का बदला है। कश्मीर टाइगर्स जैश ए मोहम्मद से ही जुड़ा आतंकी संगठन है। इससे पहले इस संगठन ने जम्मू क्षेत्र में कठुआ,रियासी और डोडा में भी हमले को अंजाम दिया था।

फिलहाल सेना द्वारा एक सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा हैं। क्षेत्र में घेराबंदी कर आतंकियों की सघन तलाशी की जा रही हैं।

Share to...