मास्को: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस और ऑस्ट्रिया के दौरे पर हैं। पहले पीएम मोदी रूस पहुँचे हैं। रूस पहुँचने पर पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया गया।
पीएम मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से उनके घर पर मुलाकात की। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच प्राइवेट मीटिंग हुई और दोनों ने साथ में प्राइवेट डिनर भी किया।
पीएम मोदी रूस की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर हैं। वो मॉस्को में राष्ट्रपति पुतिन के साथ 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर बैठक करेंगे। रूस में भारत के राजदूत विनय कुमार ने कहा था कि प्रधानमंत्री मोदी की रूस यात्रा और राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ उनकी वार्ता द्विपक्षीय व्यापार तथा आर्थिक संबंधों, विज्ञान व प्रौद्योगिकी अनुसंधान के कुछ नए क्षेत्रों पर केंद्रित होगी।
करीब पांच साल में यह पीएम मोदी की पहली रूस यात्रा है। पिछली बार 2019 में उन्होंने रूस की यात्रा की थी। भारत और रूस में अभी तक बारी-बारी से 21 वार्षिक शिखर सम्मेलन आयोजित हो चुके हैं। आखिरी शिखर सम्मेलन छह दिसंबर 2021 को नई दिल्ली में आयोजित किया गया था। इस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत आए थे।
दोनों नेता आज मंगलवार को व्यापक वार्ता करेंगे। शीर्ष रूसी अधिकारियों के अनुसार इस वार्ता में दोनों नेताओं के अलावा प्रतिनिमंडल भी शामिल होंगे। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय ‘क्रेमलिन’ के प्रवक्ता दमित्री पेस्कोव ने कहा, ‘‘दोपहर में, पुतिन और मोदी बातचीत शुरू करेंगे। हम उम्मीद करते हैं कि यह निजी बातचीत होगी, साथ ही आधिकारिक नाश्ते पर रूस-भारत वार्ता भी होगी।’’
आज मंगलवार को मोदी राष्ट्रपति पुतिन के साथ 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन की सह-अध्यक्षता करेंगे। क्रेमलिन के प्रवक्ता ने कहा कि हालांकि, दोनों नेता इसके बाद प्रेस को कोई बयान जारी नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मीडिया के साथ कोई संयुक्त संवाद अपेक्षित नहीं है। लेकिन हम निजी और विस्तारित, दोनों सत्रों में विचारों के आदान-प्रदान की उम्मीद करते हैं, जो मीडिया को बयान जारी नहीं किये जाने की काफी हद तक भरपाई करेगा।’’
सोमवार शाम पुतिन और मोदी की अपेक्षित अनौपचारिक बैठक के बारे में क्रेमलिन के प्रवक्ता ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह असल में कहां होगी। उन्होंने आगामी वार्ताओं में यूक्रेन का जिक्र होने के बारे में भी कुछ नहीं कहा। क्रेमलिन के प्रवक्ता ने कहा, ‘‘बैठक से पहले, इसके बारे में बात करना शायद ही संभव हो। हम आपको सभी विवरणों से अवगत कराते रहेंगे। आज, (दोनों) नेता अनौपचारिक रूप से बातचीत करेंगे और आधिकारिक वार्ता कल होगी। हमारा काम एक ठोस बातचीत के लिए माहौल बनाना है।’’

More Stories
पारिवारिक संस्कृति व प्रेम, शांति, सद्भावना रथ को मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने दिखाई हरी झण्डी
ट्रांसमिशन लाइन मेंटेनेंस स्टॉफ अर्जुन कारले एवं आउटसोर्स कर्मी शिवपाल निकुम पुरस्कृत
केदारनाथ मंदिर परिसर में मोबाइल-रील्स पर रोक, मंदिर समिति ने बनाये कड़े नियम