October 12, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Saraychhola Thana Crime: मुरैना में अंधाधुंध फायरिंग के बाद हत्या, 7 लोगों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया केस

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सरायछौला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रिठौरा खुर्द गांव में जमीन को लेकर चल रहे पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रविवार शाम को दोनों पक्षों के बीच उपजे विवाद ने तूल पकड़ लिया, जिसके बाद दोनों तरफ से जमकर गोलियां चलीं और उसके बाद एक परिवार पर लाठियों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। इस भीषण संघर्ष में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ हत्या का संगीन मामला दर्ज कर लिया है।

🩺 डॉक्टर के सीपीआर देने से लौटी थीं सांसें, लेकिन ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

जानकारी के अनुसार, रिठौरा खुर्द गांव के भोगीराम गुर्जर और ऐंदल गुर्जर के बीच जमीन को लेकर रंजिश चल रही थी। रविवार शाम कहासुनी के बाद दोनों पक्षों की ओर से हथियार निकल आए और फायरिंग शुरू हो गई। इसके बाद ऐंदल पक्ष के लोगों ने लाठियों से हमला कर भोगीराम के 35 वर्षीय बेटे लल्ला उर्फ अतर सिंह गुर्जर को मरणासन्न कर दिया। गंभीर हालत में लल्ला को जिला अस्पताल लाया गया, जहां दिल की धड़कनें रुकने पर डॉ. मदनमोहन राजौरिया ने सीपीआर देकर उसकी सांसें वापस लौटाईं। इसके बाद उसे ग्वालियर रेफर किया गया, लेकिन नूराबाद और टेकरी के बीच उसने दम तोड़ दिया।

⚖️ पुलिस की कार्रवाई: सात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज, तलाश जारी

सरायछौला थाना प्रभारी केके सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों की शिकायत और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर दूसरे पक्ष के ऐंदल पुत्र गोपी गुर्जर, शिवराम गुर्जर, भूपेंद्र गुर्जर, आकाश, सोनू, धर्मेंद्र और रामदास के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है और पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है।

Share to...