April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

खजुराहो लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी प्रत्याशी मीरा यादव नामांकन फॉर्म रिजेक्ट, सपा प्रत्याशी जाएगी हाईकोर्ट

खजुराहो: मप्र में इंडिया अलायंस (गठबंधन) को बड़ा झटका लगा हैं। खजुराहो लोकसभा सीट से समाजवादी पार्टी की प्रत्याशी मीरा दीपनारायण यादव का नामांकन फॉर्म रिजेक्ट हो गया है। नामांकन फॉर्म पर हस्ताक्षर नहीं करने और पुरानी नामावली लगाने के चलते पन्ना जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेश कुमार मिश्रा ने यह फैसला लिया है। नामांकन रद्द होने के खिलाफ सपा प्रत्याशी मीरा यादव हाईकोर्ट जाने की तैयारी कर रही हैं।

मीरा यादव के पति और पूर्व विधायक दीपनारायण यादव ने बताया कि हमारा फॉर्म निरस्त कर दिया गया है। फॉर्म में दो कमी बताई गई। पहली वोटर लिस्ट की, जो सर्टिफाइड कॉपी लगी है वह पुरानी है। दूसरी कमी में दो जगह साइन की बजाय एक ही जगह साइन है। उन्होंने बताया कि हमने 2 अप्रैल को कॉपी के लिए अप्लाई किया था, जो 3 अप्रैल को भी नहीं मिली। इस स्थिति में जो सर्टिफाइड कॉपी उपलब्ध नहीं थी उसे लगा दी। अगर वह कॉपी खराब दिख रही थी तो हमें बताते। हम फिर कॉपी उपलब्ध करा देते। जो कमी थी उसे कल बताते तो हम उसे पूरा कर सकते थे। अब हम हाईकोर्ट, सुप्रीम कोर्ट और निर्वाचन आयोग जाएंगे।

विदित हो कि मप्र में कांग्रेस ने गठबंधन के तहत खजुराहो लोकसभा सीट पर उम्मीदवार नही उतारा और यह सीट सपा के लिए छोड़ दी थी। समझौते के तहत कांग्रेस ने खजुराहों सीट समाजवादी पार्टी को दी थी।

वही इस संबंध में कलेक्टर एवं निर्वाचन अधिकारी ने मीडिया से पल्ला झाड़ लिया और मीडिया को कोई बाईट नही दी।

Share to...