April 22, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

रेखा गुप्ता बनीं दिल्ली की 9वीं मुख्यमंत्री, प्रवेश वर्मा समेत 6 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ

नईदिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली को चौथी महिला मुख्यमंत्री मिल गई है। शालीमार बाग से विधायक बनीं रेखा गुप्ता ने आज दिल्ली के रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली हैं। उनके साथ ही प्रवेश वर्मा (नई दिल्ली), मनजिंदर सिंह सिरसा (राजौरी गार्डन), रवींद्र कुमार इंद्राज (बवाना), कपिल मिश्रा (करावल नगर), आशीष सूद (जनकपुरी) और पंकज कुमार सिंह (विकासपुरी) को दिल्ली कैबिनेट में मंत्री बनाया गया है।

रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनी हैं। उनसे पहले सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी ने भी कमान संभाली हैं। रेखा शालीमार बाग से पहली बार विधायक चुनी गईं। रेखा गुप्ता के बाद प्रवेश वर्मा ने दिल्ली सरकार में मंत्री के तौर पर शपथ ली। वो नई दिल्ली विधानसभा सीट से जीतकर विधायक बने हैं। उन्होंने कांटे के मुकाबले में दिल्ली के पूर्व CM अरविंद केजरीवाल को पटखनी देकर इस सीट पर कब्जा जमाया। प्रवेश वर्मा चुनाव जीतने के बाद से ही लगातार चर्चाओं में थे और CM पद की रेस में सबसे मजबूत दावेदारों में से एक माने जा रहे थे। अब वो रेखा गुप्ता की कैबिनेट में शामिल हो गए हैं।

प्रवेश वर्मा के अलावा आशीष सूद भी मंत्री पद की शपथ ली। वह जनकपुरी से विधायक हैं और दिल्ली में पंजाबी वर्ग का बड़ा चेहरा हैं। आशीष भी पहली बार विधायक बने हैं। राजौरी गार्डन सीट से विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा को भी रेखा गुप्ता की कैबिनेट में जगह मिली हैं। रामलीला मैदान में उन्होंने भी मंत्री पद की शपथ ली। वह दिल्ली में BJP का सिख चेहरा हैं। सिरसा तीसरी बार विधायक बने हैं।

कपिल मिश्रा, रविंद्र इंद्रराज सिंह और पंकज कुमार सिंह को भी दिल्ली की नई कैबिनेट में शामिल किया गया। जहां कपिल मिश्रा करावल नगर से जीतकर आए हैं। तो वहीं रविंद्र इंद्रराज बवाना सुरक्षित सीट से पहली बार विधायक बने हैं। विकासपुरी से जीत हासिल करने वाले विधायक पंकज सिंह का ने भी मंत्री पद की शपथ ली।

शपथ ग्रहण समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हुआ। समारोह में शामिल होने के लिए गृह मंत्री अमित शाह, जेपी नड्डा, चंद्रबाबू नायडू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस, मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव, आंध्र प्रदेश के उप उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण, राजस्थान के सीएम भजन लाल, छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय, हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी, यूपी के दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या, ब्रजेश पाठक, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी पहुंचे।

Share to...