April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

ओडिशा हादसे के 38 घण्टे बीत जाने के बाद भी रेल यातायात ठप्प, कई ट्रेनें रद्द, तेजी गति से सुधार कार्य जारी, अब तक 288 की मौत 1175 घायल

ओडिशा के बालासोर में हुई भीषण ट्रेन दुर्घटना के कारण रूट पर रेल ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित है। बालासोर रेल हादसे के बाद अब रेलवे कोशिश कर रहा है कि ट्रैक को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए ताकि रेल आवागमन शुरू हो और यात्रियों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। हादसे को करीब 38 घंटे बीत चुके हैं लेकिन उस रूट पर अभी तक ट्रेनों की आवाजाही बंद है।

शुक्रवार, 2 जून को हुए बालासोर रेल हादसे में अभी तक 288 यात्रियों की मौत हो चुकी है।लगभग 1,175 यात्रियों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जिनमें से 793 को छुट्टी दे दी गई और 382 का इलाज चल रहा है वहीं, मामले की जांच जारी है कि आखिर हादसे के लिए कौन जिम्मेदार है।

रेलवे की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, अभी तक 90 ट्रेनों को कैंसिल कर दिया गया है, जबकि 49 ट्रेनों का रूट डायवर्ट किया गया है। लेटेस्ट अपडेट के मुताबिक, 11 ट्रेनों को शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है। हादसे के कारण प्रभावित ज्यादातर ट्रेन दक्षिण और दक्षिण-पूर्व रेलवे जोन की हैं।

भारतीय रेल के दो जोन द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, आज यानी 4 जून को चलने वाली पटना-पुरी स्पेशल ट्रेन भी रद्द कर दी गई है।

शनिवार शाम तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, दक्षिण रेलवे ने चार जून को चेन्नई से सुबह सात बजे रवाना होने वाली डॉक्टर एमजीआर चेन्नई सेंट्रल- शालीमार कोरोमंडल एक्सप्रेस और चेन्नई से सुबह आठ बजकर 10 मिनट पर रवाना होने वाली डॉक्टर एमजीआर चेन्नई सेंट्रल – संतरागाछी एसी सुपरफास्ट ट्रेन को भी रद्द कर दिया है।

दक्षिण रेलवे भी हादसे से प्रभावित लोगों के परिजनों/रिश्तेदारों के लिए चेन्नई से भद्रक तक ,स्पेशल ट्रेन चला रहा हैं।

वही हादसे की जगह पर लगातार रेलवे अधिकारी कर्मचारी कार्य मे लगे है और बोगियों को हटाया जा रहा है। ट्रैक पर पलटी लगभग सभी बोगियों को हटाया जा चुका है और मरम्मत व अन्य कार्य किए जा रहे हैं। ताकि जल्द से जल्द ट्रेक में सुधार हो और रेल यातायात शुरू किया जाए।

Share to...