April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया को बीमार पत्नी से मिलने 7 घण्टो के लिए मिली अंतरिम जमानत, घर पहुँचने के बाद भी नही मिल सके पत्नी से

दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया कुछ घंटों के लिए जमानत पर बाहर आए हुए थे। लेकिन अब मनीष सिसोदिया तिहाड़ जेल की ओर वापस लौट गए। 7 घंटों के लिए सिसोदिया शनिवार सुबह जेल से बाहर आए थे और अब शाम 4:30 बजे करीब तिहाड़ जेल के लिए वापस लौट गए। बता दें कि मनीष सिसोदिया को अपनी बीमार पत्नी से मिलने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट ने सुबह 10 बजे से 5 बजे तक, सात घंटे के लिए जमानत दी थी। इस मुलाकात के लिए मनीष सिसोदिया सुबह 10 बजे तिहाड़ जेल से बाहर निकले और सीधे अपने आवास पहुंचे थे। हालांकि मनीष सिसोदिया की अपनी पत्नी से मुलाकात नहीं हो सकी।

कोर्ट के आदेश पर दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम को सुबह 10 बजे तिहाड़ जेल से रिहा किया गया था। जेल से रिहाई के बाद मनीष सिसोदिया सीधे दिल्ली के मथुरा रोड स्थित अपने आवास पर पहुंचे। मनीष सिसोदिया अपने घर पहुंच गए लेकिन अपनी बीमार पत्नी से उनकी मुलाकात नहीं हो पाई। मनीष सिसोदिया के अपने घर पहुंचने से पहले ही उनकी पत्नी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। मनीष सिसोदिया की पत्नी को अचानक तबीयत बिगड़ने पर इलाज के लिए LNJP अस्पताल ले जाया गया।

मनीष सिसोदिया को कोर्ट ने इस शर्त पर जमानत दी थी कि वे इस दौरान मीडिया से बात नहीं करेंगे। कोर्ट ने सिसोदिया के सामने परिवार के अलावा किसी भी बाहरी व्यक्ति से बात नहीं करने, मोबाइल फोन और इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करने की भी शर्त रखी थी।

विदित हो कि दिल्ली शराब नीति में गिरफ्तार मनीष सिसोदिया को एक दिन पहले ही वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया था। राउज एवेन्यू कोर्ट ने मनीष सिसोदिया की न्यायिक हिरासत की अवधि 6 जून तक के लिए बढ़ा दी थी।

Share to...