April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

पीएम मोदी अमेरिका के पहले राजकीय दौरे के लिए हुए रवाना, अमेरिकी संयुक्त कांग्रेस बैठक को करेंगे संबोधित, मिस्र भी जाएंगे मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका व मिस्र के दौरे के लिए आज रवाना हुए। पीएम अमेरिका के पहले राजकीय दौरे पर आज मंगलवार सुबह रवाना हो गए हैं। पीएम का अमेरिका दौरा 21 जून से शुरू होकर 24 जून को खत्म होगा। यहां से प्रधानमंत्री मिस्र के दौरे पर जाएंगे।

पीएम मोदी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और यूएस की फर्स्ट लेडी जिल बाइडेन के न्योते पर अमेरिका गए हैं। पीएम मोदी दूसरी बार अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करने वाले पहले भारतीय पीएम होंगे।

प्रधानमंत्री का यह पहला आधिकारिक यूएस दौरा है। हालांकि, इससे पहले वह लगभग छह बार अमेरिका का द्विपक्षीय और आधिकारिक दौरा कर चुके हैं। पीएम मोदी यहां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगे तो वहीं व्हाइट हाउस में आयोजित किए गए रात्रिभोज का भी लुत्फ उठाएंगे।

पीएम मोदी न्यूयॉर्क में स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में 9वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह का नेतृत्व करेंगे। इस समारोह में इंटरनेशनल सिंगर मैरी मिलबेन भी शामिल होंगी। योग दिवस पर इस कार्यक्रम में 180 देशों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। इस दिन अमेरिका भविष्य के लिए कौशल विकास पर एक कार्यक्रम भी होगा।

जो बाइडेन और जिल बाइडेन 21 तोपों की सलामी के बीच प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। ऐतिहासिक यात्रा के दौरान वॉसिंगटन डीसी में स्थित व्हाइट हाउस के दक्षिणी लॉन में एक भव्य स्वागत समारोह होगा। इस स्थान पर ही रात के समय राजकीय रात्रिभोज होगा। जिसकी मेजबानी जो बाइडेन और उनकी पत्नी करेंगी। 7000 से ज्यादा भारतीय अमेरिकी इसमें शामिल हो सकते हैं।

प्रधानमंत्री मोदी 22 जून को अमेरिकी कांग्रेस की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगे उन्हें यूएस कांग्रेस के नेताओं ने आमंत्रित किया है, जिसमें प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष केविन मैकार्थी और सीनेट के नेता चार्ल्स शूमर शामिल रहेंगे।

पीएम मोदी 23 जून को उप राष्ट्रपति कमला हैरिस और विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन राज्य विभाग के फोगी बॉटम मुख्यालय में पीएम मोदी के साथ दोपहर का भोजन करेंगे।

भारतीय मूल के लोग रोनाल्ड रीगन बिल्डिंग में प्रधानमंत्री के लिए रात्रिभोज का आयोजन करेंगे। प्रधानमंत्री प्रमुख सीईओ, पेशेवरों और अन्य हितधारकों के साथ कई क्यूरेटेड इंटरैक्शन का कार्यक्रम में शामिल होंगे।

पीएम मोदी 24 जून को संयुक्त राज्य अमेरिका से प्रस्थान करेंगे और 24-25 जून को मिस्र की राजकीय यात्रा पर काहिरा पहुंचेंगे। यह निमंत्रण जनवरी 2023 में भारत के गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी ने दिया था, जहां वह मुख्य अतिथि थे।

पीएम मोदी ने अमेरिका जाने के पहले ट्वीट कर कहा है कि यूएसए में, मुझे बिजनेस लीडर्स से मिलने, भारतीय समुदाय के साथ बातचीत करने और जीवन के विभिन्न क्षेत्रों के विचारकों से मिलने का अवसर भी मिलेगा। हम व्यापार, वाणिज्य, नवाचार, प्रौद्योगिकी और ऐसे अन्य क्षेत्रों जैसे प्रमुख क्षेत्रों में भारत-यूएसए संबंधों को गहरा करना चाहते हैं।

कांग्रेस के सदस्यों, विचारकों और अन्य लोगों सहित जीवन के सभी क्षेत्रों के लोग मेरी आगामी यूएसए यात्रा पर अपना उत्साह साझा कर रहे हैं। मैं उनके उदार शब्दों के लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं। इस तरह का विविध समर्थन भारत-अमेरिका संबंधों की गहराई को रेखांकित करता है।

Share to...