August 28, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Pakistan Cricket Team Threatens Boycott: लॉर्ड्स टेस्ट के दौरान पाकिस्तान टीम ने दी मैच रोकने की धमकी, जानिए क्या है पूरा विवाद

 पाकिस्तान क्रिकेट टीम इस समय इंग्लैंड के दौरे पर है, जहां 3 मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है. दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर खेला जा रहा है. इस मुकाबले के पहले दिन एक बड़ा बवाल देखने को मिला, जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने मैच रोकने की धमकी दे दी. ये घटना लंच ब्रेक के दौरान घटी, जिसकी वजह पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और दिग्गज कप्तान इमरान खान के बेटों का एक खास इंटरव्यू रहा.

लॉर्ड्स टेस्ट के बीच भारी ड्रामा

दरअसल, इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और स्काई स्पोर्ट्स के कमेंटेटर माइकल एथरटन ने लॉर्ड्स के राइटर्स रूम में इमरान खान के दोनों बेटों सुलेमान और कासिम खान का 18 मिनट का इंटरव्यू लिया था. ब्रॉडकास्टर स्काई स्पोर्ट्स ने लंच ब्रेक के दौरान इस इंटरव्यू को ऑन एयर किया. जिसके बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई और औपचारिक शिकायत तक दर्ज करवा दी. इस विवाद के बीच स्थिति इतनी बिगड़ी गई थी कि पीसीबी ने लंच के बाद अपनी टीम को मैदान पर न उतारने तक का विकल्प भी तलाश लिया था. हालांकि, बातचीत के बाद पाकिस्तानी खिलाड़ी 2:40 बजे दूसरे सेशन के लिए मैदान पर उतर आए.

पीसीबी ने लंच ब्रेक से पहले ही स्काई स्पोर्ट्स से संपर्क कर इस सेगमेंट को न दिखाने का दबाव बनाया था और मैच का बहिष्कार करने की चेतावनी दी थी. इसके बावजूद स्काई स्पोर्ट्स ने प्रसारण में थोड़ी देरी की लेकिन आखिरकार पूरा 18 मिनट की क्लिप चलाई. हालांकि, पाकिस्तान में टेस्ट का सीधा प्रसारण कर रहे पीटीवी ने इस इंटरव्यू को अपने ब्रॉडकास्ट में शामिल नहीं किया. इस इंटरव्यू में दोनों बेटों ने जेल में बंद अपने पिता के बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर गहरी चिंता जताई और उनकी जान को खतरा बताया.

तीन सालों से जेल में बंद हैं इमरान खान

71 साल के इमरान खान पिछले तीन सालों से जेल में बंद हैं और हाल के दिनों में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं. पिछले हफ्ते पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराने का आदेश दिया था, लेकिन उन्हें सरकारी पिम्स (PIMS) ले जाया गया और चेकअप के तुरंत बाद वापस जेल भेज दिया गया. कुछ दिन पहले 21 पूर्व इंटरनेशनल कप्तानों ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को पत्र लिखकर इमरान खान की उचित मेडिकल देखभाल सुनिश्चित करने की मांग भी की है. जिसमें भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड के दिग्गज शामिल हैं.

Share to...