November 29, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Painting Garage Updates: मध्य प्रदेश व स्थानीय अपडेट: करीब एक घंटे तक नहीं पहुंची दमकल, टैंकर और बाल्टियों से लोगों ने बुझाई आग

छतरपुर। शहर में उस समय अफरातफरी मच गई जब एक गैराज में रखी कारों में अचानक धमाका होना शुरू हो गया। एक के बाद एक कारों में आग लगती गई। धमाकों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। 3 से 4 कारें आग की चपेट में आ गईं। जबकि एक पिकअप और स्कूटी जलकर खाक हो गई। हैरानी की बात यह रही कि आग लगने के करीब एक घंटे तक फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। तभी लोगों ने टैंकर और बाल्टियों से आग बुझाने की कोशिश की। जब तक फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची तब तक सबकुछ खाक हो चुका था।

🚒 नौगांव रोड पर डेंटिंग-पेंटिंग गैराज में भड़की आग

शहर के नौगांव रोड पर बीती रात शनिवार को एक डेंटिंग-पेंटिंग गैराज में अचानक भीषण आग लग गई। गैराज में खड़ी कारों में एक के बाद एक धमाकों की आवाज सुनाई दी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि गैराज में खड़े कई वाहन चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर आग को फैलने से रोकने के प्रयास किए।

💥 कारों में अचानक होने लगे धमाके, 25 लाख तक का नुकसान

नौगांव रोड स्थित अफजल अफसर के डेंटिंग-पेंटिंग गैराज में कारों की मरम्मत और पेंटिंग का काम किया जाता है। गैराज में खड़ी कारों में धमाकों जैसी आवाजें सुनाई देने लगीं। इसके बाद आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते 3 से 4 गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। मौके पर आग बुझा रहे प्रत्यक्षदर्शी रईस खान ने बताया, “आग इतनी भीषण थी कि गैराज में रखे वाहनों को बचाने का मौका तक नहीं मिला। आग की चपेट में आने से करीब 3 से 4 गाड़ियां जल गईं। गैराज में खड़ी अन्य कारों को भी भारी नुकसान हुआ है।” वहीं गैराज मालिक अफसर खान ने बताया कि घटना में करीब 20 से 25 लाख रुपये का नुकसान हुआ है, अभी और आकलन किया जा रहा है।

🚓 एक घंटे तक नहीं पहुंची फायर ब्रिगेड, लोगों ने संभाला मोर्चा

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। लेकिन प्रत्यक्षदर्शी रईस खान ने बताया, “करीब एक घंटे तक दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंचा। ऐसे में लोगों ने खुद ही आग बुझाने की जिम्मेदारी संभाल ली। पानी के टैंकर, पाइप और बाल्टियों की मदद से आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए। फायर ब्रिगेड के पहुंचने में देरी को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखने को मिला।” वहीं, जानकारी लगते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। मामले में TI सतीस सिंह ने बताया, “गैराज में आग लगने की सूचना मिली थी। आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।”

Share to...