इंदौर: इंदौर में लोहे की खदानों से माइनिंग के आधुनिक टेक्नोलॉजी के बीच मध्य प्रदेश में आज भी एक जनजाति ऐसी है जो डिंडोरी के मैकल पर्वत श्रृंखला में पाए जाने वाले खास किस्म के पत्थरों को पारंपरिक भट्टी में पिघलाकर लोहे के कलात्मक शिल्प गढ़ रही है। आदिवासी अंचल के ग्रामीण और अशिक्षित लोग खुली आंखों से पहाड़ों में भी लोहा तराश सकते हैं, इस बात पर शायद कोई यकीन ना करें लेकिन डिंडोरी और मंडला जिले में मौजूद अगरिया जनजाति के लोग इस काम में माहिर हैं जो अपनी तीसरी पीढ़ी में भी डिंडोरी के मैकल पर्वत श्रृंखला में मौजूद पत्थरों को पिघलाकर शुद्ध लोहा तैयार कर रहे हैं।
🎨 अगरिया जनजाति की हैरतअंगेज परंपरा
दरअसल, डिंडोरी के पर्वत से निकलने वाले इसी शुद्ध लोहे से बने तरह-तरह के कलात्मक शिल्प अब देशभर में पसंद किए जा रहे हैं। हाल ही में इंदौर के आदि महोत्सव में इसी लोहे की कलात्मक शिल्प की बिक्री के लिए पहुंचे संजू सिंह मरावी बताते हैं कि, “डिंडोरी के चाढ़ा बाजार में रहकर बीते तीन पीढ़ियों से उनका परिवार पारंपरिक तरीके से शुद्ध लोहे से ट्राइबल आर्ट का निर्माण करता है। पहाड़ पर जो एक खास तरह के पत्थर जो लाल और काले रंग के होते हैं उन्हें चुनकर लाया जाता है और इस पत्थर के छोटे टुकड़ों को कोयले के साथ डालकर पारंपरिक भट्टी में तेज आग में गर्म करके पिघलाया जाता है।”
इस दौरान लगातार भट्टी में हवा देनी पड़ती है जिससे कि पत्थर उच्च तापमान पर पिघल सके। उन्होंने बताया, “करीब 7 किलो पत्थर के साथ 20 से 25 किलो कोयला जलाना पड़ता है, तब उसमें से बमुश्किल 200 से ढाई सौ ग्राम शुद्ध लोहा प्राप्त होता है। इस प्रक्रिया में पत्थर खुलकर मिट्टी का रूप ले लेता है और लोहा अलग निकल आता है।” उन्होंने बताया, “क्योंकि यह लोहा बिल्कुल शुद्ध होता है इसलिए यह जंग रोधी होता है और काफी मजबूत भी होता है।”
🔱 लोहासुर माने जाते हैं कुल देवता
दरअसल, अगरिया जनजाति के लोग पारंपरिक रूप से कई पीढ़ियों से लोहे की सामग्री बनाने का काम करते रहे हैं। जिनके उपासक कुल देवता लोहासुर माने जाते हैं। इस जनजाति के लोग इस लोहे को भगवान मानकर पूजते भी हैं। इतना ही नहीं इस जनजाति के लोग अपनी पारंपरिक धातु विज्ञान के ज्ञान को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचा रहे हैं क्योंकि पहले से यह लोग इसी तरह लोहा गला कर खेती के उपकरण और जरूरत की चीज बनाते रहे हैं। लेकिन अब कृषि उपकरणों की जरूरत के मुताबिक, लोहा नहीं निकल पाने के कारण वह लोहे की कलात्मक आर्ट के व्यवसाय से जुड़ गए हैं। जो तरह-तरह के कलात्मक आइटम बनाकर ग्रामीण अंचलों में लगने वाले बाजार के अलावा अब शहरी इलाकों में ट्राइबल आर्ट के फेस्ट और मेलों में बेचने पहुंच रहे हैं।
🛠️ ऐसे बनाते हैं आर्ट शिल्प
आर्टिस्ट संतू सिंह बताते हैं कि, “उनके परिवार में सात सदस्य हैं, जिनमें महिलाएं भी हैं लेकिन कलात्मक आर्ट बनाने का काम उनके बड़े भाई मोती सिंह करते हैं। उनके बाद अब यही काम परिवार के अन्य सदस्य भी कर रहे हैं। इसमें महिलाएं मिट्टी की भट्टी तैयार करती हैं और पारंपरिक विधि से तैयार भट्टी से हवा देने की पुरानी तकनीक का उपयोग करते हैं। जिसमें बेलोज के जरिए फर्नेस में हवा भरी जाती है और महिलाएं इसे अपने पैरों से दबाती हैं जिससे निकलने वाली हवा से भट्टी में जलने वाली आग लगातार धधकती रहती है।”
📦 देशभर में कलात्मक शिल्प की बिक्री और आय
मरावी परिवार उनके पैतृक ग्राम लोहरीगढ़ के बाद डिंडोरी के वार्ड नंबर पांच किशोरी मोहल्ला से अपना प्रोडक्शन करता है। इसके बाद देशभर में विभिन्न स्थानों पर लगने वाले आर्ट एंड कल्चर के बाजार और भारत सरकार समेत राज्य सरकार द्वारा आयोजित मेलों में अपनी कलात्मक सामग्री बेचता है। इस सामग्री को बेचने पर परिवार को अब मासिक 30 से 35 हजार रुपये की आय हो जाती है। वहीं, कई ग्राहक उनके कैटलॉग के अनुसार फोटो देखकर ऑनलाइन भी ऑर्डर कर देते हैं, इससे भी अब उनका कामकाज चल निकला है।

More Stories
Register Investigation Updates: जेल परिसर के सीसीटीवी फुटेज और ड्यूटी रजिस्टर की होगी जांच, साक्ष्य जुटा रही पुलिस
Hemant Khandelwal Booth Mandals Updates: 1313 मंडलों और 71 हजार बूथों तक पहुंचेगा अभियान, बड़ी सीटों पर दो कार्यकर्ताओं की तैनाती
Narmada Water Updates: अगले साल तक रेवांचल को मिलेगा नर्मदा जल, 30 हजार मेगावाट तक पहुंचा बिजली उत्पादन