भोपाल: प्रदेश की किसी कॉलोनी या बड़े अपार्टमेंट में कोई मकान, फ्लैट या कोई कमर्शियल प्रॉपर्टी खरीदते समय उसकी डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग भी चेक कर सकेंगे। हाईस्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी की बढ़ती जरूरत को देखते हुए अब बिल्डरों को ही हर मकान में इसका इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करके देना होगा।
इसके लिए राज्य सरकार अब डिजिटल कनेक्टिविटी की शर्त को अनिवार्य करने जा रही है। इसके लिए भूमि विकास नियम 2012 में संशोधन किया जा रहा है। नए नियमों के तहत प्रोजेक्ट तैयार करते समय परियोजनाओं में भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) के नियमों का ध्यान रखना होगा। ऐसे प्रोजेक्ट को प्राधिकरण रेटिंग भी देगी।
🏗️ भूमि विकास नियम 2012 में संशोधन की तैयारी
आमतौर पर जब कोई मकान खरीदता है तो वहां बिजली, पानी, पार्किंग, सड़क आदि की व्यवस्थाएं देखता है लेकिन अब इसके साथ डिजिटल कनेक्टिविटी की सुविधा भी देखी जाएगी। राज्य सरकार ने भूमि विकास नियम 2012 में संशोधन की तैयारी कर ली है। इसमें अब विकास परियोजनाओं और भवनों में डिजिटल संचार अधोसंरचना को पहले ही उपलब्ध कराना होगा ताकि उपभोक्ता को बाद में इसके लिए अलग से व्यवस्था न कराना पड़े। कॉलोनी निर्माण में डिजिटल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के लिए अलग से लाइन डालनी पड़ती है, इसमें कई तरह की परेशानी आती है। कॉलोनी विकास के दौरान ही इसकी व्यवस्था कराए जाने से उपभोक्ता को पानी, बिजली की तरह यह सुविधा भी पहले से तैयार मिल सकेगी।
📶 क्यों पड़ रही डिजिटल रेटिंग की जरूरत?
घर, ऑफिस में इंटरनेट कनेक्टिविटी आम जरूरत हो गई है। ऑनलाइन एजुकेशन, ई-गवर्नेंस के चलते हाई स्पीड इंटरनेट की डिमांड बढ़ गई है। हालांकि राज्य सरकार विचार कर रही है कि शुरुआत में किन-किन श्रेणियों के भवनों को इसमें शामिल किया जाए और रेटिंग के लिए क्या व्यावहारिक मापदंड रखे जाएं। राज्य सरकार ने नए नियमों का प्रारूप तैयार कर इस पर 15 दिनों में सुझाव और आपत्ति मांगी हैं। नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव संजय दुबे के मुताबिक, “बड़े अपार्टमेंट और कॉलोनी में डिजिटल कनेक्टिविटी के लिए बिल्डर्स को विकल्प ढूंढने होंगे, इसके लिए नियमों में संशोधन किए जा रहे हैं।”
📊 कैसे होगी डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग?
भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण ने डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग यानी DCR प्लेटफॉर्म हाल ही में लॉन्च किया है। यह एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, इसमें उपभोक्ता कोई भी प्रॉपर्टी खरीदते समय डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग देख सकेंगे। TRAI ने जून 2026 में इसके लिए रेटिंग मैन्युअल 2026 जारी किए हैं।
इसके तहत प्रॉपर्टी डीलर अपनी प्रॉपर्टी को सार्वजनिक, रहवासी, सरकारी आदि श्रेणियों में पंजीकृत करें और इसके रेटिंग के दस्तावेज को डिजिटल कनेक्टिविटी रेटिंग एजेंसी के चयन के लिए जमा कराना होगा। इस जानकारी का वेरिफिकेशन किए जाने के बाद रेटिंग जारी की जाएगी। इससे उपभोक्ताओं को प्रॉपर्टी खरीदते समय पता चल सकेगा कि संबंधित प्रॉपर्टी में इंटरनेट कनेक्टिविटी यानी ब्रॉडबैंड आदि की किस तरह की सुविधा मौजूद है।

More Stories
RS Bhadauriya Updates: जनवरी से अब तक एमपी में 52 बाघों की मौत, रिटायर्ड अधिकारी आरएस भदौरिया ने जताई चिंता
Wildlife Conservation Updates: क्रिकेट की उपलब्धियों और अनुशासन पर हुई चर्चा, प्रशिक्षु वनरक्षकों का बढ़ाया हौसला
High Court Next Hearing Updates: 31 मार्च 2026 के आदेश का पालन न होने पर दायर हुई थी याचिका, अब 6 जनवरी 2027 को अगली सुनवाई