मैहर: ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। मैहर में कुत्तों के काटने के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। यहां पिछले 7 महीनों में 3,800 से ज्यादा लोगों को आवारा कुत्तों के साथ बिल्ली और बंदरों ने भी अपना शिकार बनाया। इसमें सबसे ज्यादा मामले आवारा कुत्तों के काटने के हैं।
राष्ट्रीय रेबीज नियंत्रण कार्यक्रम की एक रिपोर्ट में अप्रैल 2026 से अक्टूबर 2026 तक के आंकड़े सामने आए हैं। यह आंकड़े ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के हैं।
📊 अलग-अलग महीनों में डॉग बाइट के मामले
मैहर के ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में आवारा कुत्तों का आतंक देखने को मिल रहा है। साल 2026 के पिछले 7 महीनों में कुत्ते, बिल्ली और बंदर के काटने के 3,815 मामले सामने आए हैं। कुत्तों के काटने के सबसे अधिक मामले अप्रैल माह में सामने आए। अप्रैल में 644 के बाद मई में 535 और इसी तरह से जून में 519 लोगों को कुत्तों ने काटा। जुलाई में 506, अगस्त में 455, सितंबर में 359 और अक्टूबर में 330 मामले सामने आए। इस तरह यहां कुत्तों के काटने के कुल 3,348 मामले सामने आए हैं।
🐒 कुत्तों के साथ बंदर और बिल्लियों ने भी नहीं छोड़ा
मैहर में कुत्तों ने तो अपना रंग दिखाया ही साथ ही बंदर और बिल्लियों ने भी लोगों पर हमला करने में कमी नहीं छोड़ी है। बिल्ली और बंदर काटने के मामले में जुलाई में सबसे अधिक 52 लोगों को काटा गया है। अप्रैल में 16, मई में 20, जून में 37 और जुलाई में 52 लोगों को बिल्ली और बंदर ने काटा। इसके बाद अगस्त में 35, सितंबर में 19 और अक्टूबर में 8 लोगों को काटा गया। इस प्रकार 187 मामले बिल्ली और बंदर काटने के सामने आए हैं।
☀️ गर्मियों के दिनों में काटने के ज्यादा मामले
मैहर के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में गर्मियों के दिनों में कुत्ते और बंदरों ने लोगों पर सबसे अधिक हमला किया। अप्रैल महीने में कुत्तों ने 644 लोगों को अपना शिकार बनाया, उसके साथ-साथ अप्रैल माह में ही बंदरों ने भी 29 लोगों को काटा। इसके अलावा बिल्लियों ने भी यहां कई लोगों को काटा, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ रही हैं।
💉 ‘पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन और एंटी स्नेक वेनम उपलब्ध’
मैहर जिला अस्पताल की सिविल सर्जन सत्यवती अवधिया ने बताया, “पिछले 7 महीनों में अप्रैल 2026 के बाद लगभग 3,800 से अधिक मामले कुत्ते, बिल्ली और बंदरों के काटने के सामने आए हैं। जिनमें कुत्तों के काटने के मामले सबसे अधिक हैं। इसके साथ-साथ देवीजी धाम होने के कारण बंदरों के काटने के मामले सामने आते हैं। यहां पिछले 7 महीनों में 253 लोगों को बंदरों ने काटा। इसके अलावा बिल्लियों के काटने के 215 मामले भी सामने आए हैं। यहां पहुंचे सभी मरीजों का वैक्सीनेशन कर इलाज दिया गया है।”
उन्होंने कहा कि, “हमारे पास पर्याप्त मात्रा में दवाइयां और वैक्सीन की उपलब्धता है। कुत्तों के काटने पर वैक्सीन के डोज देने पड़ते हैं। यह 0, 3, 7, 10 और 13 दिन पर वैक्सीनेशन करते हैं।” उन्होंने लोगों से अपील की है कि जानवरों के काटने पर वैक्सीनेशन जरूर करवाएं। रेबीज को लेकर लोगों में जागरूकता जरूरी है और इसके लिए सबसे ज्यादा जरूरी वैक्सीनेशन है।

More Stories
RS Bhadauriya Updates: जनवरी से अब तक एमपी में 52 बाघों की मौत, रिटायर्ड अधिकारी आरएस भदौरिया ने जताई चिंता
Wildlife Conservation Updates: क्रिकेट की उपलब्धियों और अनुशासन पर हुई चर्चा, प्रशिक्षु वनरक्षकों का बढ़ाया हौसला
High Court Next Hearing Updates: 31 मार्च 2026 के आदेश का पालन न होने पर दायर हुई थी याचिका, अब 6 जनवरी 2027 को अगली सुनवाई