November 29, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

School Building Proposal Updates: 41 बच्चों में नियमित उपस्थिति और संतोषजनक पढ़ाई, नए भवन का प्रस्ताव राज्य शिक्षा केंद्र को भेजा

विदिशा: जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर स्थित एक गांव में भवन जर्जर होने के बाद ध्वस्त हुआ, गांव के मकानों में पढ़ाई के दौरान बार-बार जगह खाली करनी पड़ी, तो एक शिक्षक ने हार मानने के बजाय खुद के खर्च और मेहनत से स्कूल परिसर के सामने चबूतरा, टीन शेड और जाली लगवाकर अस्थायी कक्षा तैयार कर दी।

यह जमीनी हकीकत विदिशा जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर लटेरी विकासखंड के ग्राम चमरकुंडल की है, जहां जिला शिक्षा अधिकारी एन.के. अहिरवार ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की और बच्चों की पढ़ाई का स्तर परखा।

🏗️ भवन ध्वस्त होने के बाद पढ़ाई की चुनौती

जिला शिक्षा अधिकारी एन.के. अहिरवार ने बताया, “जांच के लिए जिला मुख्यालय से लगभग 100 किलोमीटर दूर लटेरी विकासखंड के चमरकुंडल पहुंचे। जांच में सामने आया कि विद्यालय का पुराना भवन क्षतिग्रस्त होने के कारण उसे गिरा दिया गया था। भवन न होने के चलते पहले बच्चों को गांव के अलग-अलग मकानों में बैठाकर पढ़ाया जाता था, लेकिन ग्रामीणों के अपने कामकाज या आयोजनों के दौरान बार-बार जगह खाली करानी पड़ती थी, जिससे बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी।”

🛠️ शिक्षक ने अपने खर्च से बनाई कक्षा

बार-बार जगह बदलने की परेशानी से निपटने और बच्चों की पढ़ाई निर्बाध रखने के लिए शिक्षक ने स्वयं की मेहनत और अपने खर्चे पर स्कूल परिसर के सामने चबूतरा बनवाया। इस चबूतरे के ऊपर टीन शेड और चारों ओर जाली लगवाई, ताकि बच्चों को धूप व अन्य परेशानियों से बचाकर सुरक्षित माहौल में पढ़ाया जा सके।

📚 पढ़ाई का स्तर बेमिसाल

निरीक्षण के दौरान DEO ने कक्षा में मौजूद बच्चों से संवाद किया और उनकी पढ़ाई का स्तर देखा। DEO के मुताबिक, विद्यालय में करीब 41 बच्चों का नामांकन है। जिसमें अधिकांश बच्चे नियमित रूप से स्कूल आ रहे हैं। शिक्षक के इस प्रयास से न केवल बच्चों को बैठने के लिए एक तय जगह मिली, बल्कि उपस्थिति भी बढ़ी है और बच्चों का शैक्षणिक स्तर भी संतोषजनक पाया गया।

📄 भवन का प्रस्ताव सरकार को भेजा

जिला शिक्षा अधिकारी एन.के. अहिरवार ने बताया, “स्कूल के नए भवन का प्रस्ताव राज्य शिक्षा केंद्र को भेजा जा चुका है। जैसे ही प्रस्ताव को स्वीकृति और राशि प्राप्त होगी, विद्यालय के नवीन भवन का निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।”

Share to...