October 1, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

केमिकल फैक्ट्री के रिएक्टर में भीषण ब्लास्ट, 10 लोगों की मौत, 20 से ज्यादा घायल

तेलंगाना: तेलंगाना के संगारेड्डी जिले की एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हो गया, जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हैं। कई घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई हैं। घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाटन चेरू मंडल के सीगाची केमिकल्स इंडस्ट्री में ये धमाका हुआ है। रिएक्टर में विस्फोट की वजह से धमाका हुआ, जिसके बाद आग ने भीषण रूप ले लिया। पूरे उद्योग में आग भड़क उठी और आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 2 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं।

जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब फैक्ट्री में मजदूर रोज की तरह काम कर रहे थे। अचानक रिएक्टर में जोरदार विस्फोट हुआ, जिसके चलते पूरी यूनिट में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। तेज धमाके की आवाज सुनकर इलाके में दहशत फैल गई और कई मजदूर अंदर फंस गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास जारी है। राहत और बचाव दल घटनास्थल पर मौजूद है और फंसे हुए लोगों को निकालने का प्रयास कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कई मजदूरों की हालत गंभीर बनी हुई है।

अभी तक हादसे के पीछे की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन शुरुआती जांच में रिएक्टर में तकनीकी खराबी को विस्फोट का संभावित कारण माना जा रहा है। प्रशासन यह जांच कर रहा है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

Share to...