April 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

बिहार के बक्सर में बड़ा रेल हादसा, नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के 21 कोच पटरी से उतरे, 4 की मौत 200 से ज्यादा हुए घायल

बिहार: बिहार के बक्सर में बड़ा रेल हादसा हो गया। दिल्ली से कामाख्या जा रही नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस (2506) बिहार के बक्सर जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। इस हादसे में ट्रेन की 21 कोच पटरी से उतर गए। बक्सर के डीएम ने बताया कि रेल हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 200 से ज्यादा लोग घायल हैं।

डीएम के मुताबिक फिलहाल मौके पर राहत-बचाव कार्य जारी है। बक्सर जिला प्रशासन और पुलिस टीम के साथ जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे के कर्मचारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। बता दें कि यह हादसा डीडीयू-पटना रेलखंड के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास हुआ है।

वहीं दुर्घटनाग्रस्त ट्रेन के यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। घटनास्थल पर 01.35 बजे एक रेक पहुंच गया है, जिससे नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस के यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।

वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद डीआरएम दानापुर से घटनास्थल के लिए रवाना हुए जबकि बक्सर के डीएम और एसपी मौके पर मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि ट्रेन बक्सर से आरा के लिए रवाना हुई थी, इस बीच यह घटना हुई है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बक्सर के रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन के पास यह घटना घटी है। जैसे ही यह ट्रेन यहां पहुंची थी, वैसे ही पटरी से उतर गई।

वहीं रेल मंत्री ने ट्वीट कर दावा किया कि निकासी और बचाव कार्य पूरा कर लिया गया है। सभी कोचों की जांच कर ली गई है। उन्होंने बताया कि यात्रियों को आगे की यात्रा के लिए जल्द ही एक स्पेशल ट्रेन में स्थानांतरित किया जाएगा।

वहीं बक्सर एसपी ने बताया कि ट्रेन संख्या 2506 नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस पटरी से उतर गई है। घटनास्थल की ओर जिला प्रशासन और पुलिस की टीम रवाना हुई है। हादसे के आसपास मौजूद थानों की पुलिस टीम पहुंच चुकी हैं और राहत बचाव कार्य में जुटी हैं।

इस हादसे में कई यात्रियों के ट्रेन की बोगी में फंसे होने की बात कही जा रही है। रात होने की वजह से लोगों को निकालने में परेशानी हो रही थी। मौके पर पहुंची पुलिस स्थानीय लोगों की सहायता से फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की और बाहर निकाला। इधर बक्सर से 10 से ज्यादा एंबुलेंस को मौके के लिए रवाना किया गया साथ ही भारी संख्या में पुलिस फोर्स को भी घटना स्थल के लिए रवाना किया गया है।

जिस रघुनाथपुर स्टेशन के पास ट्रेन डिरेल हुई है वहां इसका स्टापेज नहीं है। बक्सर से खुलने के बाद यह आरा और उसके बाद सीधे पटना में रुकती है। घटना के कारणों का पता अभी नहीं चल पाया है। रेल अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गये हैं।

घटना के बाद रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर किया जारी है। नॉर्थ ईस्ट फ्रंटियर रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। पटना के लिए नंबर है- 9771449971, दानापुर के लिए नंबर 890569749 और आरा के लिए नंबर- 8306182542 जबकि कंट्रोल रूम के लिए नंबर 7759070004 है।

इस बीच गुवाहाटी राजधानी एक्सप्रेस, विभूति एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस पंजाब मेल समेत आधा दर्जन ट्रेनों का रूट बदला जा रहा हैं। इन्हें दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन से ही अलग रूट से किउल भेजा जा रहा है।

रेल हादसे के बाद बक्सर, आरा और पटना के सभी बड़े अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। घटना के बाद बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने भोजपुर डीएम राजकुमार को फोन कर अस्पताल में तैयारियों के बारे में जानकारी ली है।

केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने संसदीय क्षेत्र बक्सर अंतर्गत रघुनाथपुर रेलवे स्टेशन पर हुए हादसे को लेकर रेलवे के उच्च अधिकारियों से बातचीत कर हालात का जायजा लिया। घटना को दुखद बताते हुए केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि राहत कार्य शुरू कर दिया गया है। स्थानीय लोग मदद के लिए पहुंचे हैं। उन्होंने स्थानीय पार्टी कार्यकर्ताओं को भी फोन पर निर्देशित किया कि वे घटनास्थल पहुंचकर हर संभव मदद उपलब्ध कराएं।

Share to...