April 17, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

दिल्ली में क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस का बड़ा एनकाउंटर, मारे गए 4 मोस्ट वांटेड गैंगस्टर

नईदिल्ली: दिल्ली में गुरुवार रात को बड़ा एनकाउंटर हुआ है। दिल्ली क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस ने रोहिणी में चार गैंगस्टरों को मार गिराया। चारों मोस्ट वांटेड गैंगस्टर थे। दिल्ली पुलिस ने बताया कि सुबह सुबह करीब 2 बजे बहादुर शाह रोड पर गोलीबारी शुरू हुई।

इस दौरान मुठभेड़ में चारों बदमाश मारे गए। चारों आरोपियों को रोहिणी के डॉ. बीएसए हॉस्पिटल ले जाया गया। एनकाउंटर में बिहार के रंजन पाठक (25), बिमलेश महतो (25), मनीष पाठक (33) और अमन ठाकुर (21) मारे गए हैं।

पुलिस के अनुसार, रंजन पाठक, बिमलेश महतो और मनीष पाठक सीतामढ़ी, बिहार के रहने वाले थे और अमन ठाकुर करवाल नगर, दिल्ली का रहने वाला था।

बताया जा रहा है कि रंजन पाठक सिग्मा एंड कंपनी गैंग का सरगना था। उसके मरने के साथ ही उसकी गैंग का खात्मा भी माना जा रहा है। रंजन बिहार के सीतामढ़ी का रहने वाला था। पुलिस ने सभी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मुठभेड़ में पुलिस पर भी कई राउंड फायरिंग हुई। क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर अरविंद, एसआई मनीष, एसआई नवीन समेत 4 जवानों की बुलेट प्रूफ जैकेट में गोली लगी।

कुख्यात रंजन पाठक बिहार में कई हत्याओं में शामिल रहा है। रंजन पर बिहार में 8 मुकदमें दर्ज हैं। अमन ठाकुर और बिमलेश महतो पर 4-4 आपधारिक मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि रंजन बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी कुछ गड़बड़ी करने की योजना बना रहा था।

सूत्रों के अनुसार, एनकांउटर में कम से कम दो से तीन पुलिसकर्मी घायल भी हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का नेतृत्व डीसीपी संजीव यादव कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि इन बदमाशों की तलाश लंबे समय से चल रही थी। बुधवार देर रात इन बदमाशों का लोकेशन रोहिणी में मिली, जिसके बाद इनके खिलाफ एक्शन लिया गया।

Share to...