April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई, रिश्वतखोर MPEB रीवा कनिष्ठ यंत्री समेत तीन गिरफ्तार

रीवा: लोकायुक्त रीवा की टीम ने आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए मध्यप्रदेश विद्युत वितरण कंपनी (MPEB) रीवा के कनिष्ठ यंत्री किशोर त्रिपाठी को ₹10,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यही नहीं, लोकायुक्त ने इस मामले में दो अन्य कर्मचारियों को भी हिरासत में लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोलर सिस्टम लगाने वाले संविदाकार से भुगतान की राशि जारी करने के एवज में कुल ₹18,000 की रिश्वत मांगी गई थी। संविदाकार लकी दुबे, जो ठेकेदारी कार्य करते हैं, इस मांग से परेशान होकर लोकायुक्त रीवा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद लोकायुक्त टीम ने योजना बनाकर ट्रैप कार्रवाई की।

लोकायुक्त पुलिस ने जाल बिछाया और जैसे ही किशोर त्रिपाठी ने शिकायतकर्ता से ₹10,000 की राशि ली, मोके पर मौजूद टीम ने दबिश दी और उसे रिश्वत की रकम सहित रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

लोकायुक्त निरीक्षक के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई से MPEB कार्यालय में हड़कंप मच गया। कई अधिकारी और कर्मचारी कार्रवाई के दौरान कार्यालय से नदारद हो गए।

लोकायुक्त सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार तीनों कर्मचारियों से पूछताछ जारी है। रिश्वत की रकम जब्त कर ली गई है और आगे की जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि भुगतान जारी करने में और कौन-कौन कर्मचारी संलिप्त थे।

लोकायुक्त अधिकारी ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और किसी भी सरकारी विभाग में रिश्वतखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Share to...