October 8, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Kidnapping and Extortion Case: पत्थर के गोदाम में युवक को बंद कर मारपीट, मुख्य आरोपी इरशाद गिरफ्तार

रतलाम के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सालाखेड़ी इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां दोस्त के बुलाने पर पहुंचे एक युवक को पत्थर के गोदाम के पीछे बने कमरे में ले जाकर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया गया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोपी दोस्त और उसके साथियों ने पीड़ित के भाई को फोन कर तुरंत रुपए लेकर आने की धमकी दी, हालांकि पुलिस के आने की भनक लगते ही आरोपी मौके से फरार हो गए।

👥 झाबुआ रोड स्थित गोदाम में ले जाकर की गई मारपीट

ग्राम सुराना निवासी पीड़ित प्रदीप जाट ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रतलाम में फाइनेंस का काम करने वाले अपने चचेरे भाई सूरज से मिलने आया था। इसी दौरान उसके बचपन के दोस्त सुराना निवासी इरशाद (पुत्र जाकिर अली) ने फोन कर उसे सालाखेड़ी बुलाया। मंगलवार शाम करीब चार बजे जब प्रदीप वहां पहुंचा, तो इरशाद उसे अपनी बाइक पर बैठाकर झाबुआ रोड स्थित एक पत्थर के गोदाम के पीछे बने कमरे में ले गया और बाहर से ताला लगाकर अंदर बंद कर दिया। कुछ देर बाद पहुंचे अन्य युवकों ने उसके साथ थप्पड़ों से मारपीट की और झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।

👮 भाई को दी धमकी, पुलिस की आहट मिलते ही भागे आरोपी

आरोपियों ने पीड़ित के मोबाइल से उसके भाई सूरज को फोन कर जल्द से जल्द रुपए लेकर आने को कहा। इसी बीच आरोपियों को पुलिस के आने की भनक लग गई, जिसके बाद उन्होंने कमरा खोलकर प्रदीप को भगा दिया और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। चौकी प्रभारी विजयसिंह बामनिया ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी इरशाद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। वहीं उसके अन्य साथियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Share to...