इंदौर। इंदौर शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र में गाय चोरी के संदेहास्पद आरोप में एक युवक की बर्बरतापूर्वक पीट-पीटकर हत्या करने वाले बदमाशों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने वाले गुंडों को स्थानीय विधायक और उनके समर्थकों का राजनीतिक संरक्षण मिल रहा था। घटना के तूल पकड़ने के बाद विधायक की मध्यस्थता और इशारे पर ही आरोपियों को थाने में औपचारिक सरेंडर करवाया गया है। पुलिस पूछताछ में कथित तौर पर खुद को हिंदू संगठनों से जुड़ा बताने वाले कुछ संदिग्ध नेताओं के नाम भी सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से कुछ तत्व ‘लव जिहाद’ और ‘गौ-तस्करी’ की आड़ में अवैध वसूली का नेटवर्क चलाते हैं।
देवास नाका निवासी चंदर लोहार की तलावली चांदा निवासी सूरज जाट और भुरू यादव की गैंग ने बेदर्मी से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। आरोपियों ने चंदर पर भुरू की गाय चुराने का आरोप लगाया था और घटना से पहले उसके खिलाफ थाने में चोरी की झूठी शिकायत भी दर्ज करवाई थी। लसूड़िया थाना पुलिस ने गुरुवार रात भुरू यादव और कुणाल यादव (निवासी नंदा नगर) की आधिकारिक गिरफ्तारी दर्शाई है। हालांकि पुलिस का दावा है कि आरोपियों को मुखबिर की सूचना और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पकड़ा गया है, जबकि सच्चाई यह है कि भाजपा नेताओं से जुड़े कुणाल को राजनीतिक दबाव बनने के बाद अंकित यादव नाम के युवक के जरिए थाने में सरेंडर कराया गया है। अंकित का रिश्तेदार बिट्टू भी इस वारदात में नामजद है। उधर, पुलिस मुख्य आरोपी सूरज की तलाश में लगातार दबिश दे रही है, जिसका मोबाइल बंद आ रहा है। पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए सूरज की पत्नी को हिरासत में ले लिया है।
🍷 शराब ठेकेदारों की सरपरस्ती में 100 युवकों की गैंग चलाता है मुख्य आरोपी सूरज जाट
जांच के दौरान फरार आरोपी सूरज जाट के आपराधिक इतिहास और नेटवर्क के बारे में चौंकाने वाली जानकारियां सामने आई हैं। सूरज मुख्य रूप से शहर के बड़े शराब ठेकेदारों के सिंडिकेट से जुड़ा हुआ है। वह एमआर-10, लसूड़िया, कनाड़िया और पलासिया क्षेत्रों में अवैध शराब का कारोबार करने वालों को डरा-धमकाकर उनसे भारी वसूली करता है।
सूरज ने क्षेत्र के करीब 100 से अधिक असामाजिक युवकों की एक संगठित गैंग तैयार कर रखी है। जो विक्रेता संबंधित ठेकेदार से शराब नहीं खरीदते, सूरज गैंग के सदस्य उनका अपहरण तक कर लेते हैं।
⚔️ कांग्रेस नेता के घर हमले समेत दर्ज हैं कई केस, जांच में खुले कई सफेदपोशों के राज
कुख्यात बदमाश सूरज जाट के खिलाफ इंदौर के विभिन्न थानों में दर्जनों गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। कुछ वर्ष पूर्व उसने नंदा नगर इलाके में एक वरिष्ठ कांग्रेस नेता के घर पर जानलेवा हमला भी कर दिया था। उस वक्त भी इस सनसनीखेज वारदात के बाद राजनीतिक दबाव में भाजपा नेताओं द्वारा ही सूरज को पुलिस के समक्ष पेश करवाया गया था।
उधर, चंदर लोहार हत्याकांड की जारी जांच में यह बात भी साफ हुई है कि निहत्थे युवक पर हमला करने वाली भीड़ में कथित तौर पर खुद को धार्मिक व सामाजिक संगठनों का पदाधिकारी बताने वाले कई आपराधिक प्रवृत्ति के चेहरे शामिल थे, जिनकी पहचान कर पुलिस आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

More Stories
Jabalpur Ground Report: कीचड़ में गूंजी किलकारी! सड़क के अभाव में रास्ते में डिलीवरी, अब खुद ही सड़क बना रहा पूरा गांव
Barwani School Dispute: “2-3 लाख क्यों खर्च करें?” बड़वानी में स्कूल भवन की मांग पर बोले प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल
Sagar Administration Crackdown: सागर में मोहन सरकार के निर्देश पर ताबड़तोड़ कार्रवाई, 5 नामी होटल-रिसॉर्ट सील