April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय, सौमिक सुवृष्टि अनुष्ठान होगा

उज्जैन: विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर में लाखों श्रद्धालु दर्शन करने आ रहे हैं। महाकाल मंदिर समिति द्वारा भी लगातार भक्तो के लिए व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं। इसी क्रम में आज श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की विभिन्न मुद्दों व विकास कार्यो, व्यवस्थाओं को लेकर बैठक दोपहर में महाकाल महालोक कंट्रोल रूम में कलेक्टर एवं मन्दिर समिति अध्यक्ष नीरज कुमार सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।

बैठक के शुरुआत में होली पर्व पर हुई घटना में पुजारी सेवक के रूप में दिवंगत सत्यनारायण सोनी के लिए 01 मिनट मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान दिवंगत सत्यनारायण सोनी की धर्मपत्नी श्रीमती सीताबाई सोनी को 04 लाख रूपये की राशि सहायता स्वरूप प्रदान की गई।

मंदिर में वर्षभर आयोजित किए जाने वाले विशेष पर्वो के संबंध में एस.ओ.पी. बनाए जाने के निर्देश प्रदान किए गए। महाकालेश्वर जी के दर्शन एवं महाकाल महालोक के भ्रमण हेतु आने वाले वरिष्ठ नागरिक/दिव्यांगजनो के लिए नीलकण्ठ पथ, त्रिवेणी संग्रहालय, नंदी द्वार से प्रवेश हेतु निर्धारित द्वार तक आवागमन करने के लिए चिंहित स्थानो पर प्रतिक्षालय स्थापित कराए जाकर, प्रतिक्षालय से सतत् ई-कार्ट चलाए जाने के निर्देश प्रदान किए गए।

महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा पूर्व में समय-समय पर उत्तम जल वृष्टि के लिए पर्जन्य अनुष्ठान के आयोजन किए गए है। इसी तारतम्य में जनकल्याण के लिए सौमिक सुवृष्टि कार्यक्रम का आयोजन श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा किया जाना निर्धारित किया गया है। सौमिक सुवृष्टि कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 04 मई 2024 से दिनांक 09 मई 2024 तक श्री महाकालेश्वर मंदिर परिक्षेत्र में किया जाना निर्धारित किया गया है। उक्त सौमिक सुवृष्टि कार्यक्रम के अंतर्गत अतिरूद्र, महारूद्र अभिषेक किया जाना है, साथ ही उक्त सम्पूर्ण कार्यक्रम के आयोजन के अंतर्गत समस्त व्यवस्थाएं श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति द्वारा की जाना है। आयोजन किए जाने एवं उस पर होने वाली व्यय राशि 25 लाख रूपये मंदिर कोष से वहन किए जाने का अनुमोदन किया।

श्री महाकालेश्वर मंदिर परिक्षेत्र में आगंतुक श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से फेसेलिटी सेंटर 01 में वर्तमान संचालित चिकित्सालय के स्वरूप में ऋतुपरिवर्तन को देखते हुए वृद्धि की जाकर मानसरोवर भवन में सत्कार कक्ष के सम्मुख स्थापित हाॅल में 10 बेड का चिकित्सालय स्थापित किए जाने का निर्णय पारित किया गया।

Share to...