November 27, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Health Department Updates: जिलाध्यक्ष पंकज सोनी ने दिया एक माह का अल्टीमेटम, सुधार न होने पर तेरहवीं व उग्र आंदोलन की चेतावनी

मंडला: मंडला में बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था के खिलाफ आम आदमी पार्टी (AAP) गुरुवार को सड़कों पर उतर कर अपना आक्रोश जताया। अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी, दवाइयों का अभाव और बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। AAP कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली और बैगा-बैगी चौक पर प्रतीकात्मक दाह संस्कार कर व्यवस्था के प्रति अपना आक्रोश जाहिर किया।

📢 AAP कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली

आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष पंकज सोनी के नेतृत्व में निकाली गई इस शव यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पार्टी का आरोप है कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था लंबे समय से बदहाल है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और जिला अस्पताल तक निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आई हैं।

कहीं चिकित्सक समय पर उपलब्ध नहीं हैं, तो कहीं आवश्यक दवाइयों का टोटा है। एंबुलेंस और जांच सुविधाओं की कमी के चलते गरीब मरीजों को इलाज के लिए जिला मुख्यालय या निजी अस्पतालों के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में रहने वाले लोगों को उठानी पड़ रही है।

⏳ व्यवस्था में सुधार करने स्वास्थ्य विभाग को दिया एक माह का अल्टीमेटम

आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष पंकज सोनी का कहना है कि इन समस्याओं को लेकर कई बार ज्ञापन सौंपे गए, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंगी। इसी उदासीनता के विरोध में कार्यकर्ताओं ने आज स्वास्थ्य विभाग की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया। आम आदमी पार्टी ने स्वास्थ्य विभाग को एक माह का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि इस अवधि में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार नहीं हुआ, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इतना ही नहीं, पार्टी ने स्वास्थ्य विभाग की प्रतीकात्मक तेरहवीं करने की भी चेतावनी दी है।

Share to...