November 27, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Lal Parade Ground Permission Controversy Updates: डेढ़ लाख कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा, 7 दिन पहले मैदान मिलने की रखी मांग

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल 12 दिसंबर को देश की राजनीति का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है। 12 दिसंबर को विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित तमाम विपक्षी पार्टियों के बड़े नेता संविधान बचाओ मार्च में शामिल होंगे। इस मार्च के स्थान को लेकर विवाद शुरू हो गया है। कांग्रेस ने कार्यक्रम के लिए लाल परेड मैदान के लिए स्थानीय प्रशासन को आवेदन देकर अनुमति मांगी है। कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि प्रशासन द्वारा लाल परेड मैदान पर कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी जा रही है, जबकि इस स्थान का उपयोग राजनीतिक कार्यक्रम के लिए होता आया है।

🏟️ लाल परेड ग्राउंड में कार्यक्रम की अनुमति मांगी

यह पहला मौका होगा जब देश की विपक्षी पार्टियों का पूरा कुनबा मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में जुटेगा। कांग्रेस मीडिया प्रभारी मुकेश नायक के मुताबिक, “इस संविधान बचाओ मार्च में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, उत्तर प्रदेश गठबंधन के नेता अखिलेश यादव, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित कई राज्यों के प्रमुख नेता इस मार्च में शामिल होंगे।”

कांग्रेस ने इस कार्यक्रम में डेढ़ लाख कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। कांग्रेस अपने इस कार्यक्रम को शहर के बीचों-बीच स्थित लाल परेड मैदान पर कराना चाहती है। इसके लिए कांग्रेस ने पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर आवेदन दिया है।

🚇 ‘कांग्रेस के कार्यक्रम के लिए क्यों पूछा जा रहा विकल्प’

लाल परेड ग्राउंड के आसपास मेट्रो लाइन का कार्य चल रहा है। इसके अलावा शहर के बीच में होने की वजह से अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर मोनिका शुक्ला ने कार्यक्रम के लिए दूसरा विकल्प भी देने का कांग्रेस पार्टी से आग्रह किया है। कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर आवेदन देकर लाल परेड मैदान में कार्यक्रम के लिए अनुमति मांगी है।

कांग्रेस मीडिया प्रभारी मुकेश नायक के मुताबिक, “लाल परेड ग्राउंड को राजनीतिक कार्यक्रम के लिए उपलब्ध कराने के लिए जिस तरह की स्थिति बताई जा रही है, वह समझ से परे है। पिछले 3 से 4 माह के दौरान लाल परेड ग्राउंड का उपयोग राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए किया गया है। ऐसे में कांग्रेस के कार्यक्रम के लिए मैदान उपलब्ध कराने से परहेज क्यों किया जा रहा है। कांग्रेस को भी यह मैदान कार्यक्रम के लिए उपलब्ध कराया जाना चाहिए।”

मुकेश नायक ने कहा, “इतने बड़े कार्यक्रम के लिए कम से कम 7 दिन पहले मैदान उपलब्ध होना जरूरी है। कार्यक्रम स्थल पर डोम, साउंड सिस्टम, बैरिकेड्स और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं करना होती हैं। इसलिए कांग्रेस ने प्रशासन से जल्द से जल्द मैदान उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।”

Share to...