रतलाम। इंदौर के व्यापारी हर्षित चंदाना के साथ हुई 8 लाख रुपये की लूट का खुलासा रतलाम पुलिस ने शुक्रवार को कर दिया। व्यापारी के साथ लूट की वारदात ड्राइवर ने ही की थी। वारदात में ड्राइवर ने अपने दोस्तों का साथ लिया। लूट के आरोपियों से करीब 6 लाख रुपये जब्त किए गए हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद की है।
19 नवंबर की रात इंदौर के व्यापारी हर्षित चंदाना से बदमाशों ने 8 लाख रुपये लूट लिए थे। घटना के वक्त ड्राइवर गोलू भिड़े भी व्यापारी के साथ ही था। वह लूट करने वाले बदमाशों को सहयोग कर रहा था। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर गोलू भिड़े उर्फ गजानंद भिड़े और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर लूटी गई 6 लाख 21 हजार रुपये की राशि बरामद की है।
🛣️ रतलाम के पास फोरलेन पर लूट की वारदात
इंदौर के बिस्कुट, चॉकलेट व्यापारी हर्षित चंदाना 19 नवंबर की रात आसपास के जिलों से माल सप्लाई कर कलेक्शन कर वापस इंदौर लौट रहे थे। इसी दौरान रतलाम के पास फोरलेन पर उनकी गाड़ी को रुकवा कर दो बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने गाड़ी में रखे 8 लाख रुपये लूट लिए। इस दौरान व्यापारी और बदमाशों के बीच छीनाझपटी भी हुई थी।
लुटेरे रुपयों से भरा बैग लूटकर भागने में सफल हो गए। रतलाम की स्टेशन रोड थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने जांच में व्यापारी के ड्राइवर गोलू भिड़े की भूमिका संदिग्ध पाई। पुलिस ने जब ड्राइवर से पूछताछ की तो लूट की पूरी कहानी सामने आ गई।
💰 लूट की शेष राशि जब्त करने की कोशिश
SP अमित कुमार ने बताया कि “व्यापारी से हुई लूट की घटना में मास्टरमाइंड ड्राइवर गजानन उर्फ गोलू भिड़े ही निकला है। ड्राइवर गोलू भिड़े ने अपने दो साथियों चेतन मंडलोई और राजकुमार रायकवार के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी। फिर तीनों ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया। घटना के वक्त दोनों आरोपियों को गोलू भिड़े व्यापारी की लोकेशन दे रहा था और एकांत जगह देखकर गोलू ने ही दोनों बाइक सवार बदमाशों को इशारा कर लूट करने का इशारा किया था। आरोपियों की निशानदेही पर 6 लाख 21 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। शेष राशि भी रिकवर करने के प्रयास स्टेशन रोड थाना पुलिस द्वारा किए जा रहे हैं।”

More Stories
Lal Parade Ground Permission Controversy Updates: डेढ़ लाख कार्यकर्ताओं के जुटने का दावा, 7 दिन पहले मैदान मिलने की रखी मांग
Anand Shreeji Resort Updates: नागपुर रोड और सिवनी रोड के इन प्रतिष्ठानों को मिला नोटिस, जानें क्या हैं जरूरी सुरक्षा नियम
Ayodhya Route Niwari Updates: कंचना घाट पर किया पार्थिव शिवलिंग पूजन, नेहा सिंह राठौर ने दी प्रस्तुति; अयोध्या की ओर बढ़ेगी यात्रा