May 2, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

हरदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नशे के सौदागरों को लाखों की एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ा

हरदा: मध्य प्रदेश के हरदा जिले के सिटी कोतवाली क्षेत्र में नशे के कारोबार से मुक्त कराने के लिए हरदा पुलिस लगातार सख्त और सक्रिय नजर आ रही है। युवाओं के भविष्य को बर्बाद करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये कीमत की एमडी ड्रग्स एवं दो दोपहिया वाहन जब्त किए गए हैं।

हरदा पुलिस अधीक्षक शशांक के कड़े निर्देश एवं एसडीओपी शालिनी परस्ते के सतत मार्गदर्शन में जिले भर में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली थाना प्रभारी आर.एल. भारती के नेतृत्व में पुलिस टीम शहर में गश्त एवं चेकिंग कर रही थी। सर्विस रोड स्थित यात्री प्रतीक्षालय के पास संदिग्ध अवस्था में बैठे तीन युवकों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा। तलाशी लेने पर उनके पास रखी पीली थैली से 11.07 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडी पाउडर बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से आरोपियों के उपयोग में ली जा रही टीवीएस अपाचे एवं रॉयल एनफील्ड बुलेट मोटरसाइकिल भी जब्त की। पकड़े गए आरोपियों की पहचान अंकित सोनी, सौरभ शर्मा एवं वसीम खान के रूप में हुई है। जब्त मादक पदार्थ एवं वाहनों सहित कुल मशरूका लगभग 4 लाख 25 हजार रुपये आंका गया है। आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस मामले की गंभीरता व सूक्ष्मता से जाँच कर रही है और पता कर रही हैं कि आरोपी कहाँ से ड्रग्स लेकर आये थे और किन्हें देने वाले थे।

Share to...