May 2, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

जिंसी–लक्ष्मीबाई प्रतिमा मार्ग का जल्द होगा निर्माण, महापौर भार्गव ने किया निरीक्षण

इंदौर: शहर के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सड़कों के मजबूत नेटवर्क पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी क्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शनिवार को पश्चिम क्षेत्र के जिंसी इलाके में प्रस्तावित सड़क मार्ग का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि वर्ष 23 के मास्टर प्लान के तहत शहर के मध्य की प्रमुख सड़कों का समय पर निर्माण बेहद आवश्यक है। उन्होंने बताया कि जिंसी से लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक बनने वाली सड़क का कार्य जल्द प्रारंभ किया जाएगा। नाले पर पुल निर्माण का काम शुरू हो चुका है, जिसके आगे बढ़ते ही सड़क निर्माण भी गति पकड़ लेगा।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर उन्हें सड़क परियोजना के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वेच्छा से अपने अतिक्रमण हटाएं, ताकि निर्माण कार्य में बाधा न आए। कई स्थानीय निवासियों ने इसे ऐतिहासिक कार्य बताते हुए स्वेच्छा से अपने निर्माण हटाने की सहमति भी दी।

महापौर ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने वाले नागरिकों का आभार व्यक्त किया, वहीं जिन लोगों ने अभी तक निर्माण नहीं हटाया है, उन्हें तीन दिन की मोहलत दी गई है। इसके बाद नगर निगम की टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई करते हुए बाधाओं को हटाया जाएगा, ताकि प्रस्तावित सड़क योजना को सुचारू रूप से शुरू किया जा सके।

इस दौरान अपर आयुक्त, स्थानीय पार्षद, जल कार्य प्रभारी राजेंद्र राठौड़, स्वच्छता प्रभारी अश्विनी शुक्ला सहित निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Share to...