April 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

पांच दिवसीय नवग्रह पंचक्रोशी पैदल यात्रा शुरू, कड़ाके की ठंड में नजर आई आस्था

खरगोन: खरगोन में आज नवग्रह पंचक्रोशी धार्मिक यात्रा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमडा। पांच दिवसीय 75 किलोमीटर की पंचक्रोशी पैदल यात्रा में आस्था और श्रद्धा की एक अद्भुत तस्वीर दिखाई दी। जब कड़कड़ाती ठंड भी श्रद्धालुओं के उत्साह और विश्वास के आगे नतमस्तक नजर आई। सफला एकादशी के पावन अवसर से श्री नवग्रह पंचक्रोशी पैदल यात्रा की भव्य शुरुआत हो चुकी है।

नवग्रहों की आराधना और मां नर्मदा के जयघोष के साथ हजारों श्रद्धालु 75 किलोमीटर की पांच दिवसीय कठिन पैदल यात्रा पर निकल पड़े हैं। सिर पर पोटली, मुख से भजन, हाथों में झांझ–मंजीरे और ढोल की गूंज के साथ बुजुर्ग, युवा, महिलाएं और बच्चे हर वर्ग के श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल हैं।

ध्वज वाहक नैनसिंह बाबा मेहरजा की अगुवाई में श्रद्धालुओं ने श्री नवग्रह देवताओं के दर्शन–पूजन के बाद यात्रा का शुभारंभ किया।

पंचक्रोशी यात्रा बीते 18 वर्षों से लगातार निकाली जा रही है, जो आस्था और परंपरा का जीवंत उदाहरण है। यात्रा के दौरान श्रद्धालु 12 गांवों का भ्रमण करेंगे और 19 पौष अमावस्या के दिन इस धार्मिक यात्रा का समापन होगा।

यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन द्वारा कड़े इंतजाम किए गए हैं, ताकि आस्था की यह यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके। खरगोन की सड़कों पर आज सिर्फ कदमों की आहट नहीं, बल्कि विश्वास, भक्ति और सनातन परंपरा की गूंज सुनाई दे रही है।

Share to...