May 12, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

प्रसिद्ध फ़िल्म अभिनेत्री तमन्ना भाटिया भस्मारती में हुई शामिल, लिया बाबा महाकाल का आशीर्वाद

उज्जैन(डॉ हीना तिवारी): दक्षिण भारतीय व बॉलीवुड की प्रसिद्ध फ़िल्म अभिनेत्री तमन्ना भाटिया आज मंगलवार तड़के श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने बाबा महाकाल की प्रसिद्ध भस्म आरती में शामिल होकर पूजा-अर्चना की। सुबह करीब 3 बजे मंदिर पहुंचीं अभिनेत्री ने नंदी हॉल में बैठकर पूरे श्रद्धा भाव के साथ भस्मआरती का दिव्य दर्शन किया। माथे पर त्रिपुण्ड और चंदन लगाए तमन्ना पूरी तरह भक्ति में लीन नजर आईं।

करीब दो घंटे तक चली भस्म आरती के बाद उन्होंने नंदीजी का पूजन-अभिषेक किया और नंदी के कान में अपनी मनोकामना भी कही। इसके बाद चांदी द्वार से भगवान महाकाल को जल अर्पित कर आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं में अभिनेत्री की एक झलक पाने को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने अतिरिक्त इंतजाम भी किए थे।

भस्म आरती के बाद मीडिया से बातचीत में तमन्ना भाटिया ने कहा कि “आज भगवान महाकाल ने मुझे बुलाया था। बाबा महाकाल के बुलावे पर ही भक्त यहां आते हैं। यहां आकर बहुत अच्छा लगा। आज की आरती का अनुभव शब्दों में बयान नहीं कर सकती।” उन्होंने कहा कि महाकाल की भस्म आरती से अद्भुत ऊर्जा मिलती है और जिस तरह हजारों श्रद्धालु एक साथ बैठकर आरती में शामिल होते हैं, वैसा दिव्य दृश्य कहीं और देखने को नहीं मिलता। यहां का अनुभव शब्दों में बयां करना मुमकिन नही हैं।

दर्शन पूजन के पश्चात श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की और से अभिनेत्री भाटिया का विशेष सत्कार किया गया। मंदिर के इंजीनियर शिवाकांत पांडे ने उन्हें स्मृति चिन्ह और प्रसाद भेंट कर स्वागत किया गया।

बाबा महाकाल के दर्शन पूजन के बाद अभिनेत्री तमन्ना भाटिया बहुत ही अभिभूत नजर आई व मंदिर व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की।

Share to...