May 12, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

पेट्रोल पंप पर लगी भीषण आग, 12 लोग झुलसे, 12 बाइक व 1 पेट्रोल टैंकर जलकर खाक

राजगढ़: राजगढ़ जिले के पचोर शहर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां शहर के बीच स्थित चुन्नालाल-मुन्नालाल भारत पेट्रोल पंप पर सोमवार (11 मई) की रात भीषण आग लग गई। हादसे में 12 लोग झुलस गए, जबकि 12 मोटरसाइकिलें और एक पेट्रोल टैंकर जलकर खाक हो गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

घटना सोमवार (11 मई) की रात करीब 8.30 बजे की बताई जा रही है। उस समय पेट्रोल भरवाने के लिए पंप पर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कुछ ही मिनटों में कई मोटरसाइकिलें उसकी चपेट में आ गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक बाइक सवार पेट्रोल भरवाकर बाहर निकला था, तभी अचानक आग लग गई। घबराहट में वह बाइक छोड़कर भाग गया और आग लगी बाइक लुढ़कते हुए पेट्रोल टैंकर के पास पहुंच गई। इसके बाद आग तेजी से फैल गई और आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कई लोगों ने अपनी बाइक हटाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। कुछ ही सेकंड में पूरा पेट्रोल पंप धुएं और आग की लपटों से घिर गया।

पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने तत्काल फायर सेफ्टी उपकरणों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम भी मौके पर पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

हादसे में पुरानी पचोर निवासी बलराम पिता कपिल गुर्जर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जबकि अन्य 11 लोग भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को पचोर, शाजापुर और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। एक गंभीर घायल को इंदौर रेफर किया गया है। फिलहाल, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस हादसे के बाद पूरे पचोर शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Share to...