October 7, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Dhar Crime Update: एनडीपीएस एक्ट के तहत तीन आरोपियों पर मामला दर्ज, फरार तस्करों की तलाश में जुटी मनावर पुलिस

मनावर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: कपास और गराडू के बीच उगा रखे थे गांजे के पौधे, 20 लाख का माल जप्त

मनावर, धार। केंद्र सरकार के वर्ष 2029 तक भारत को मादक पदार्थों से मुक्त करने के संकल्प के तहत चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत धार पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है।

पुलिस अधीक्षक धार सचिन शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर एवं एसडीओपी मनावर दीपांशु (IPS) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी मनावर राजेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम उकाला, चौकी उमरबन में तीन अलग-अलग खेतों में दबिश देकर अवैध गांजा खेती का भंडाफोड़ किया।

पुलिस ने कपास और गराडू की फसल के बीच अवैध रूप से उगाए जा रहे गांजे के कुल 229 हरे पौधे जप्त किए हैं। जप्त पौधों का कुल वजन करीब 170 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है।

इस तरह हुई कार्रवाई –

थाना क्षेत्र में अवैध गांजा खेती की लगातार मिल रही सूचनाओं पर विशेष टीम गठित की गई थी। दिनांक 04.10.2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम उकाला में तीन खेतों में फसलों के बीच गांजा उगाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि होने पर तीन अलग-अलग टीमों ने एक साथ सर्चिंग की।

आरोपी तेरसिंह पिता किडिया डामोर के कपास के खेत से 29 पौधे (91 किलो), कैलाश पिता कुका के खेत से 90 पौधे (12 किलो) तथा वीरसिंह पिता दौला के गराडू के खेत से 110 पौधे (67 किलो) जप्त किए गए।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध थाना मनावर में अपराध क्रमांक 692/26, 694/26 एवं 696/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। तीनों आरोपी निवासी उकाला वर्तमान में फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि गांजे की सप्लाई कहां की जाती थी।

इस कार्रवाई में उनि मनोज पाटीदार, उनि प्रकाश अलावा, उनि अनुप बघेल, उनि प्रशान्त पाल, उनि आशुतोष जोशी सहित पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।

Share to...