April 24, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

उप मुख्यमंत्री ने रीवा विधानसभा क्षेत्र अन्तर्गत ग्रामीण एकल नल-जल योजना की समीक्षा की

रीवा: राजनिवास सर्किट हाउस में रीवा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायतों में एकल नल-जल योजना की ग्रामवार समीक्षा करते हुए उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने जल प्रदाय योजना की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली तथा अधिकारियों को निर्देशित किया कि पाइप लाइन में सुधार, पानी की उपलब्धता, विद्युत कनेक्शन आदि समस्याओं का निराकरण कराएं तथा संबंधित सरपंचों से योजना का संचालन कराएं ताकि घरों में जल प्रदाय समुचित ढंग से होने लगे।

उन्होंने रीवा विधानसभा अन्तर्गत 14 ग्राम पंचायतों के 24 ग्रामों में जल प्रदाय के लिए निर्मित एकल नल-जल परियोजना के संबंधित संविदाकारों से पानी की सप्लाई की स्थिति की जानकारी प्राप्त की तथा पीएचई विभाग के कार्यपालन यंत्री को निर्देशित किया कि आवश्यक सुधार कार्य कराकर जल प्रदाय कराएं। उन्होंने कहा कि आगामी 15 दिवस में पुन: बैठक कर की गई कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने बताया कि संबंधित सरपंचों, पीएचई के अधिकारियों तथा सचिव व ग्राम सहायक की समन्वित बैठक में जल प्रदाय की समस्याओं का निराकरण कर घर-घर पानी सप्लाई का कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा।

इस अवसर पर समाजसेवी राजेश पाण्डेय ने ग्राम पंचायतों में जल प्रदाय की जानकारी दी तथा आवश्यक सुझाव दिए। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल सहित अधिकारी और जन-प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Share to...