नईदिल्ली: स्वतंत्रता दिवस पर देशभर में सुरक्षा को लेकर पुलिस व सुरक्षा एजेंसिया अलर्ट पर है।दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को कई स्तरों पर मजबूत किया जा रहा है। खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद राजधानी में संभावित आतंकी खतरे को देखते हुए दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट पर है।
इसी क्रम में पुलिस ने 19 वांटेड आतंकियों के पोस्टर जारी कर उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर जगह-जगह चस्पा करना शुरू कर दिया है। ये आतंकी विभिन्न आतंकी संगठनों से जुड़े बताए जा रहे हैं। देश में हुए कई बम धमाकों तथा आतंकी घटनाओं में उनका नाम सामने आ चुका है। सुरक्षा एजेंसियां इनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं और आम लोगों से भी संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।
दिल्ली पुलिस ने जिन 19 आतंकियों की तस्वीरें जारी की हैं, उन्हें तीन अलग-अलग मॉड्यूल में बांटा गया है। इनमें इंडियन मुजाहिदीन, अलकायदा और खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े वांटेड आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस या सुरक्षा एजेंसियों को सूचित करें।
पहले मॉड्यूल में इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े पांच वांछित आतंकियों को शामिल किया गया है।इनमें कर्नाटक के भटकल निवासी इकबाल भटकल और रियाज भटकल, बेंगलुरु निवासी जुनैद अहमद, उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी मोहम्मद खालिद और महाराष्ट्र के पुणे निवासी मोहसिन चौधरी शामिल हैं। सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड में इनका नाम कई आतंकी मामलों में सामने आ चुका है।
दूसरे मॉड्यूल में अलकायदा से जुड़े छह वांछित आतंकियों की तस्वीरें जारी की गई हैं। इनमें संभल निवासी मोहम्मद शरजील अख्तर, दिल्ली के सीलमपुर निवासी मोहम्मद रेहान, झारखंड के छत्रा निवासी अबू सूफियान, जमशेदपुर निवासी सैयद मोहम्मद आर्शियान, बेंगलुरु निवासी मोहम्मद शहीद फैजल उर्फ उस्ताद और हैदराबाद निवासी मोहम्मद उमर शामिल हैं।
तीसरे मॉड्यूल में खालिस्तानी संगठनों से जुड़े आठ वांछित आतंकियों को शामिल किया गया है। इनमें बब्बर खालसा इंटरनेशनल के वाधवा सिंह बब्बर, पुरुषोत्तम सिंह पम्मा और हरविंदर सिंह रिंदा, गुरमीत सिंह बग्गा, भूपेंद्र सिंह भिंडा, खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स के रणजीत सिंह, परमजीत सिंह पम्मा और खालिस्तान टाइगर फोर्स के अर्शदीप सिंह डाला शामिल हैं।
दिल्ली पुलिस ने रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, मेट्रो स्टेशनों, बाजारों, ऐतिहासिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ा दी है। कई स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक बल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा सीसीटीवी निगरानी, वाहन जांच और संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।
स्वतंत्रता दिवस को लेकर दिल्ली पुलिस स्पेशल ब्रांच के साथ ही खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं और लगातार सर्चिंग भी जारी हैं।

More Stories
IoT Security Warning: बच्चों के AI खिलौनों से लेकर रोबोट वैक्यूम तक, हर तरफ मंडरा रहा है डेटा लीक का बड़ा खतरा
Rajat Patidar Fan Meet News: क्रिकेटर रजत पाटीदार से मिलने पहुंचा ओडिशा का यह खास फैन, आरसीबी की जर्सी पाकर हुआ गदगद
Anant Seva Nyas Indore News: मालवा के होल्कर राजघराने के समाधि स्थल पर दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए हर साल होता है सामूहिक श्राद्ध कर्म