April 23, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में वृद्ध सफेद बाघिन रिद्धि” की मृत्यु

भोपाल: वन विहार राष्ट्रीय उद्यान भोपाल की लगभग 15 वर्षीय सफेद बाघिन रिद्धि की 18 एवं 19 सितम्बर 2024 की दरम्यानी रात को मृत्यु हो गई है। आदान-प्रदान योजना अंतर्गत सफेद बाघिन ‘रिद्धि’ को 28 दिसंबर, 2013 को इंदौर जू से वन विहार लाया गया था। उस समय इसकी उम्र लगभग 4 वर्ष थी। वर्तमान में सफेद बाघिन की उम्र लगभग 15 वर्ष हो चुकी थी। वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में सफेद बाघिन को पर्यटकों के दर्शनार्थ डिस्प्ले बाड़े में रखा गया था।

विगत दो दिवस से वृद्ध सफेद बाघिन रिद्धि ने अपना नियमित भोजन नहीं लिया, ऐसा वह सामान्य रूप से अक्सर करती रही है। कल 18 सितम्बर, 2024 को वह अपने हाउसिंग में सामान्य ही थी, लेकिन आज प्रातः लगभग 7 बजे अपने हाउसिंग में निश्चेत अवस्था में पाई गई। प्रात: ही वन्य-प्राणी विकित्सक वन विहार डॉ. अतुल गुप्ता द्वारा इसका परीक्षण किया जाकर इसे मृत घोषित किया गया।

मृत वृद्ध सफेद बाघिन का पोस्टमार्टम वन विहार राष्ट्रीय उद्यान के वन्य-प्राणी चिकित्सक डॉ. अतुल गुप्ता वन विहार एवं वन्य-प्राणी स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. हमजा नदीम फारूखी, सहायक वन्य-प्राणी चिकित्सक एवं डॉ. रजत कुलकर्णी, वाइल्ड लाइफ एसओएस वन विहार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। प्रथम दृष्टया मृत्यु का कारण वृद्धावस्था के कारण आंतरिक अंगो का काम न करना पाया गया। मृत सफेद बाघिन का सेम्पल एकत्रित कर परीक्षण के लिये स्कूल आफ वाइल्ड लाइफ फॉरेंसिक हैल्थ जबलपुर भेजे गये हैं। पोस्टमार्टम उपरांत मृत बाघिन का नियमानुसार वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में वन संरक्षक भोपाल वृत भोपाल, संचालक वन विहार एवं अन्य अधिकारियों/कर्मचारियों की उपस्थिति में दाह संस्कार किया गया।

Share to...