November 20, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

DCP Basant Kaul Updates: पूर्व DG आरके विज ने की सख्त कार्रवाई की मांग, एडिशनल DCP बसंत कोल बोले- जांच के बाद होगा एक्शन

भोपाल। राजधानी भोपाल में सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए कुछ युवकों की जानलेवा स्टंटबाजी का मामला सामने आया है। एक युवक चलती कार की छत पर चढ़कर डांस करता नजर आ रहा है। इतना ही नहीं, युवक के हाथ में शराब की बोतल भी है और कार के दोनों दरवाजे खुले हुए हैं। चलती सड़क पर युवक की इस खतरनाक हरकत ने दूसरे वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में डाल दी। वीडियो जारी होने के बाद छत्तीसगढ़ के पूर्व DG आरके विज ने भी सवाल उठाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। इधर भोपाल ट्रैफिक पुलिस ने वीडियो की जांच शुरू कर दी है।

🚗 गोल-गोल घूमती कार पर खतरनाक डांस

राजधानी की सड़कों पर कुछ युवकों के लिए यातायात नियमों की कोई अहमियत नहीं रह गई है। सोशल मीडिया पर सर्कुलेट हुआ एक वीडियो इसका उदाहरण है। इसमें एक युवक चलती कार को स्टंटबाजी का मंच बनाकर खतरनाक हरकतें करता नजर आ रहा है। कार में कोई ड्राइवर नहीं है, कार खुद से गोल-गोल घूम रही है। युवक कभी कार के दोनों दरवाजे खोलकर बाहर निकलता है तो कभी चलती कार की छत पर खड़े होकर हाथ में शराब की बोतल लेकर डांस करता दिखाई देता है।

वीडियो में युवक का अंदाज देखकर ऐसा लग रहा है, जैसे उसे न तो अपनी जान की परवाह है और न ही सड़क पर चलने वाले दूसरे लोगों की सुरक्षा की चिंता। चलती गाड़ी पर इस तरह खड़े होकर स्टंट करना किसी बड़े हादसे को न्योता देने जैसा है। जरा सी चूक होने पर युवक कार से गिर सकता था और पीछे या आसपास चल रहे दूसरे वाहन भी दुर्घटना का शिकार हो सकते थे।

👮 पूर्व DG ने सुरक्षा को लेकर उठाए सवाल; पुलिस ने शुरू की जांच

बताया जा रहा है कि स्टंट में इस्तेमाल की गई कार भोपाल नंबर की है, जबकि वीडियो में नजर आ रहे युवक का संबंध राजगढ़ से बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो के बाद पुलिस से कार्रवाई की मांग की गई है। छत्तीसगढ़ के पूर्व DG आरके विज ने भी इस वीडियो को लेकर आपत्ति जताई और संबंधित युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। ट्रैफिक एडिशनल DCP बसंत कोल ने कहा कि, “वीडियो की जांच करवा रहे हैं और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कहां का है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।”

⚠️ खुलेआम यातायात नियमों की अनदेखी

अब सवाल यह है कि आखिर युवक ने किस सड़क पर और किन परिस्थितियों में इस खतरनाक स्टंट को अंजाम दिया। क्या कार चालक की भी इस हरकत में मिलीभगत थी? क्या युवक शराब के नशे में था या फिर सोशल मीडिया पर फेमस होने के लिए जान जोखिम में डाल रहा था? फिलहाल वीडियो ने एक बार फिर राजधानी में सड़क पर खुलेआम होने वाली स्टंटबाजी और यातायात नियमों की अनदेखी को लेकर बहस छेड़ दी है। पुलिस की जांच और कार्रवाई के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share to...