November 20, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Keshalochan Ceremony Updates: बसारी दरवाजा स्थित निवास पर हुआ दीक्षार्थियों का सम्मान, भावुक माहौल में दी गई विदाई

छतरपुर। करियर, कारोबार और भौतिक जीवन की सुख-सुविधाओं को छोड़ वैराग्य धारण करना कोई आसान काम नहीं है, लेकिन तीन युवाओं ने यह कदम उठाकर सबको चौंका दिया है। इंजीनियरिंग की पढ़ाई छोड़ रोहित, बिजनेसमैन विशाल और अतिशय अब सांसारिक जीवन का त्याग कर मुनि बनने जा रहे हैं। दीक्षा से पहले छतरपुर में तीनों युवाओं की गोद भराई की रस्म हुई, जहां परिवार और समाज के लोगों ने भावुक होकर विदाई दी।

🧘‍♂️ सुख-सुविधाएं छोड़ जैन मुनि बनने चले तीन युवा

आज का समय जो चकाचौंध और सुख-सुविधाओं से भरा हो, ऐसे में मोह-माया को त्याग कर वैराग्य धारण करना आसान काम नहीं होता, लेकिन यह सब त्यागकर जैन समाज के तीन युवाओं ने संयम और वैराग्य का कठिन मार्ग चुनकर एक मिसाल पेश की है। युवा इंजीनियरिंग की पढ़ाई छोड़कर मुनि बनने जा रहा है, तो वहीं एक सफल बिजनेसमैन ने भी अपना कारोबार और सांसारिक जीवन त्यागकर आध्यात्मिक मार्ग अपनाने का संकल्प ले लिया है। तीनों युवाओं की 16 दिसंबर को राजस्थान की राजधानी जयपुर में भव्य समारोह के दौरान मुनि दीक्षा होगी।

🏵️ दीक्षा से पहले छतरपुर में गोद भराई की रस्म

दीक्षा से पहले छतरपुर में तीनों दीक्षार्थियों की पारंपरिक गोद भराई की रस्म उत्साह के साथ की गई। छतरपुर शहर कोतवाली थाना इलाके के बसारी दरवाजा निवासी चन्द्रशेखर जैन के निवास पर आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में जैन समाज के लोग, रिश्तेदारों और परिजनों ने तीनों दीक्षार्थियों का तिलक लगाकर एवं श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया। इस दौरान घर में भावुकता और धार्मिक उत्साह का संगम देखने को मिला।

👨‍👩‍👦 परिवार में खुशी और गम का माहौल

चन्द्रशेखर जैन ने बताया कि, “मुनि दीक्षा लेने जा रहे तीनों युवा उनके रिश्तेदार हैं, परिवार के लिए यह एक ओर भावुक कर देने वाला क्षण है। वहीं दूसरी ओर उनके धर्म और संयम के मार्ग पर आगे बढ़ने को लेकर गर्व का विषय भी है। तीनों दीक्षार्थियों में सबसे कम उम्र के पड़ाव में यह मुश्किल काम आसान कर रहे हैं। मुनि बनने जा रहे टीकमगढ़ के 18 वर्षीय रोहित जैन, जो हैदराबाद में रहकर इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहे थे। युवावस्था में ही उन्होंने सांसारिक जीवन की अस्थिरता को समझते हुए वैराग्य का मार्ग चुनने का फैसला लिया है।”

🌟 कोई इंजीनियर तो कोई व्यवसायी

उन्होंने बताया कि आचार्य आदित्यसागर महाराज के सान्निध्य में आने और उनकी आध्यात्मिकता से प्रभावित होकर मुनि बनने का संकल्प ले लिया है। वहीं दूसरे दीक्षार्थी विशाल जैन भोपाल के बैरागढ़ निवासी हैं। वे एक सफल बिजनेसमैन हैं, लेकिन भौतिक सुख-सुविधाओं और व्यापारिक जीवन को पीछे छोड़कर उन्होंने आत्मकल्याण और आत्मशांति के लिए संयम का मार्ग अपनाने का फैसला लिया है।

🕉️ 16 दिसंबर को जयपुर में होगा दीक्षा समारोह

तीसरे दीक्षार्थी अतिशय जैन, जो राजस्थान के कोटा के रहने वाले हैं, बड़े व्यापारी के बेटे हैं। सांसारिक मोह-माया का त्याग कर आजीवन तप, त्याग और साधना के मार्ग पर चलने जा रहे हैं। तीनों युवाओं की मुनि दीक्षा का मुख्य समारोह 16 दिसंबर को जयपुर में आयोजित होगा। इससे पहले देश के अलग-अलग स्थानों पर रहने वाले उनके परिजनों और रिश्तेदारों के यहां गोद भराई व मंगल विदाई की धार्मिक रस्में निभाई जा रही हैं।

जयपुर में गुरुदेव के सान्निध्य में केशलोचन की परंपरा के साथ तीनों को मुनि दीक्षा प्रदान की जाएगी। छतरपुर जैन समाज के महामंत्री अजित जैन ने कहा कि, “जीव 84 लाख योनियों में भटकता रहता है। इस जन्म-मरण के अंतहीन चक्र से मुक्ति पाने और आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए वैराग्य धारण करना आवश्यक है। सांसारिक मोह-माया और भौतिक सुखों का त्याग कर संयम का मार्ग अपनाने से ही मोक्ष की प्राप्ति का रास्ता मिलता है।”

Share to...