उज्जैन: कलेक्टर रौशन कुमार सिंह द्वारा बुधवार को सिंहस्थ-2028 महापर्व के अंतर्गत जिले में चल रहे विभिन्न प्रगतिरत निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया।
कलेक्टर सिंह ने उज्जैन–इंदौर रोड के निकट शनि मंदिर के पास स्थित त्रिवेणी ब्रिज क्षेत्र के समीप चल रहे अमृत 2.0 फेस–1 एवं फेस–3 अंतर्गत उज्जैन सीवरेज परियोजना के निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने पाइप लेयिंग, मैनहोल, आईसी चेंबर, एचएससी कार्य, रोड रेस्टोरेशन तथा पाइप नेटवर्क की स्थिति का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान पाइप की मोटाई एवं गहराई का अवलोकन कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यों को विभिन्न चरणों में विभाजित कर वहां भी प्रत्येक चरण में दक्षता एवं गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए । निरीक्षण के दौरान उन्होंने हाउस कनेक्शन की प्रगति की जानकारी भी ली।
कलेक्टर सिंह ने निर्देश दिए कि मैनहोल एवं चेंबर के अंदर जोड़ों की फिनिशिंग उच्च गुणवत्ता की हो, जिससे भविष्य में किसी भी प्रकार की लीकेज या चोकिंग की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने संबंधित सहायक अभियंता (एई) को इसकी सतत निगरानी करने के निर्देश दिए।इसके पश्चात कलेक्टर ने इंदौर–उज्जैन रोड के लिंकिंग रोड़ डीमार्ट से एमआर–21 तक चल रहे लगभग 1500 मीटर लंबाई के नवीन मार्ग निर्माण कार्य का निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान मार्ग की गुणवत्ता, स्लोप एवं निर्माण मानकों का अवलोकन करते हुए उन्होंने निर्देश दिए कि गुणवत्ता में किसी भी प्रकार के समझौता ना किया जाए। पीक्यूसी (पेवमेंट क्वालिटी कंक्रीट) की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य पूर्ण किया जाए।
कलेक्टर सिंह द्वारा जीवनखेड़ी क्षेत्र में चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। उन्होंने सर्विस रोड को भी बेहतर गुणवत्ता के साथ तैयार करने एवं समस्त कार्यों को निर्धारित समय-सीमा से पूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

More Stories
जबलपुर में सनसनीखेज वारदात, सिविल इंजीनियर को दिनदहाड़े मारी गोली, हालत गंभीर
मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रक ने कई वाहनों को मारी टक्कर, लगी आग, 11 लोगों की जलकर मौत
वर्षा जल संरक्षण में प्रदेश का जनजातीय जिला डिंडोरी देश में प्रथम स्थान पर, खंडवा देश में दूसरे स्थान पर