April 19, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

सीएम शिवराज सिंह लाड़ली बहना महासम्मेलन में हुए शामिल, फूलो का तारों का सबक कहना गीत गाकर बहनों पर की पुष्पवर्षा

बड़वानी: प्रदेश के मुखिया शिवराजसिंह चौहान आज इंदौर संभाग के बड़वानी जिले के निवाली पहुँचे। निवाली में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में शिरकत की। इस दौरान विभिन्न कार्यो का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया।

प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने सर्वप्रथम मंच पर पहुंच कर कन्यापूजन एवं जननायक टंट्या मामा, कांता दीदी, भीमा नायक, खाज्या नायक, बिरसा मुण्डा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की। 

कार्यक्रम स्थल पर पहुँची बहनों पर फूल बरसाकर सीएम शिवराजसिंह चौहान ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान सीएम ने फूलो का तारो का सबक कहना हैं….. गीत गाकर बहनो के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

कार्यक्रम के दौरान आजीविका मिशन की दीदीयों के द्वारा बनाई गई 221 फीट की राखी भी बहनों ने अपने प्यारे भैया सीएम शिवराज के हाथों पर बांधी। जिस पर मुख्यमंत्री जी का फोटो भी लगा हुआ था। 

कार्यक्रम के दौरान विशाल प्रांगण में जहां तक नजरे गई बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी। वही महिलाओं ने मुख्यमंत्री को लाड़ली बहना योजना के लिए धन्यवाद ज्ञापित करने के लिए धन्यवाद भैया की तख्तिया भी अपने हाथों में ले रखी थी। 

हेलीपेड से सभा स्थल तक मुख्यमंत्री का ढोल मांदल की थाप पर पारंपरिक भगौरिया नृत्य एवं मयूर पंखी नृत्य से स्वागत किया गया। वही कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में विकास की गंगा और जनता की जिंदगी बदलने का अभियान चल रहा है। हम सब मिल कर काम करेंगे और गरीबी को दूर करेंगे। उन्होंने कहा कि हमारे समाज में भाई और बहनों के बीच भेदभाव भी देखने को मिलता था। ऐसी परिस्थितियों में बहनों के जीवन को बदलने के लिए उन्होंने लाड़ली बहना योजना बनायी है। मुख्यमंत्री चौहान ने दृढ़ स्‍वरों में कहा कि यह एक ऐसी योजना है जो बहनों के जीवन में एक बदलाव लेकर आयेगी। यह योजना बनाकर उन्हें भी लगता है कि उनका मुख्यमंत्री बनना सफल हो गया है।

मुख्यमंत्री चौहान ने मध्य प्रदेश में महिलाओं के हक़ में किये गए फैसलों का सिलसिलेवार ब्यौरा दिया। उन्होंने कहा कि सरकार में आते ही पहले लाड़ली लक्ष्मी योजना बनायी। इस योजना ने बेटियों को जीवन में आगे बढ़ने और पढ़ाने के अवसर प्रदान किये। निर्वाचन में महिलाओं के लिए आरक्षण, संपत्ति ख़रीदी में महिलाओं के नाम होने पर पंजीयन शुल्क में छूट आदि ऐसे फ़ैसले हैं जिनसे महिला सशक्तिकरण सुनिश्चित हुआ है। मुख्यमंत्री चौहान ने महिलाओं से आजीविका मिशन से जुड़ने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि आजीविका मिशन को ऋण देकर स्वरोजगार के अवसर पैदा किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़वानी ज़िले में लाड़ली बहना योजना के पंजीयन की जानकारी ली। उन्होंने मंच से बहनों से पूछा कि उपस्थित बहनों में से कितनों के पंजीयन हो गए हैं। चौहान ने कहा जहाँ ई केवाईसी में दिक्कतें आ रही हैं वहाँ दूसरे गाँव ले जाकर पंजीयन करने की व्यवस्था भी सरकार द्वारा की जा रही है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्य प्रदेश में महिलाओं की लाड़ली सेना सामाजिक क्रांति की वाहक बनेगी। लाड़ली बेटी और लाड़ली बहना योजना से एक सामाजिक क्रांति की शुरुआत हो रही है। हम सभी समाज की विभिन्न कुरीतियों के ख़िलाफ़ लड़ें और मध्य प्रदेश को तरक़्क़ी की राह में लेकर जाएं। मुख्यमंत्री चौहान ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे दुःख-दर्द में अपना जीवन नहीं काटे, मुश्किलों का सामना करें, सरकार हर मुसीबत में उनके साथ है। मुख्यमंत्री रहते हुए बहनों के आँसू पोंछने के लिए ही उन्होंने विभिन्न योजनाएं बनायी है। उन्होंने कहा कि गांव और बहनों के कल्याण के लिए हर गांव में समिति बनायी जायेगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने जनसेवा मित्रो, जनअभियान परिषद के सदस्यों एवं पेसा मोबिलाईजर से संवाद कर यह जाना कि वे फील्ड में किस प्रकार काम करते है। और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में वे किस प्रकार से हितग्राहियों की मदद करते है। 

कार्यक्रम के दौरान जनसेवा मित्र कुमारी दीपाली यादव ने मुख्यमंत्री जी को उनके द्वारा बनाया गया स्कैच भी भेंट किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभों का वितरण भी किया। इस दौरान उन्होने लाड़ली लक्ष्मी योजना से लाभान्वित बालिकाओं को अपने गोद में लेकर लाड़-दुलार से साथ खिलाया भी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान निवाली में पेसा एक्ट के तहत समन्वयकों और अन्य युवाओं से संवाद भी किया। उन्होंने कहा कि पेसा एक्‍ट जनजातीय समाज को और अधिक अधिकार संपन्न बनाता है। इस एक्ट को गाँव-गाँव और जन-जन तक ले जाने के लिए युवा ठोस प्रयास करें। मुख्यमंत्री ने पेसा एक्ट में इन्दौर संभाग में किये गये कार्यों पर संतोष जताया और संभागायुक्त डॉक्टर पवन कुमार शर्मा और पुलिस महानिरीक्षक राकेश कुमार गुप्ता की सराहना भी की।

मुख्यमंत्री चौहान ने शिकायतों के आधार पर राजपुर एसडीएम को हटाने के निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री  हरदीपसिंह डंग, केबिनेट मंत्री प्रेमसिंह पटेल, राज्यसभा सासंद डाॅ. सुमरेसिंह सोलंकी, लोकसभा सांसद गजेन्द्रसिंह पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष बलवंतसिंह पटेल, नगर पालिका बड़वानी अध्यक्ष श्रीमती अश्विनी चोहान, नगर पालिका सेंधवा अध्यक्ष श्रीमती बसंतीबाई यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम सोनी, पूर्व मंत्री  अंतरसिंह आर्य, नगर परिषद निवाली अध्यक्ष श्रीमती तरूणा सिसोदिया, जनपद पंचायत निवाली अध्यक्ष श्रीमती रायलीबाई पटेल, पानसेमल जनपद अध्यक्ष श्रीमती शीला विनोद वसावे, नगर पालिका निवाली उपाध्यक्ष श्रीमती इंदिरा दीपक सोनी, पूर्व विधायक दीवानसिंह पटेल, क्षेत्र के गणमान्यजन कन्हैया सिसोदिया,  श्याम बरडे,अनूप मिश्रा, जुलाल वसावे,लोकेश शुक्ला,कमलेश राजपूत,सचिन चोहान,महेश वरसाले,मंगलसिंग राजपूत, सुरेन्द्र कुशवाह, योगेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में लाड़ली बहना उपस्थित थी।
Share to...