कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने आज सोमवार को अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया।
कर्नाटक चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम बोम्मई और पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा ने पार्टी का विजन डॉक्यूमेंट ‘प्रजा ध्वनि’ जारी किया। बीजेपी ने अपने मेनिफेस्टो में कर्नाटक में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने का वादा किया है। इसके साथ ही बीजेपी ने बीपीएल कार्ड धारकों को तीन फ्री कुकिंग गैस सिलेंडर देने का वादा किया है। इसके अलावा हर वार्ड में एक अटल आहार केंद्र स्थापित करने और पोषण स्कीम के तहत हर बीपीएल कार्ड धारक परिवार को आधा लीटर नंदिनी दूध देने का वादा किया है।
बीजेपी ने गरीब लोगों को राज्य में 10 लाख घर देने की भी घोषणा की है। वहीं सामाजिक न्याय निधि स्कीम के तहत एससी-एसटी महिलाओं को पांच साल के लिए 10 हजार रुपये की एफडी करने का वादा किया है। इसके साथ ही बीजेपी ने वादा किया है कि वह कर्नाटक अपार्टमेंट स्वामित्व अधिनियम, 1972 में सुधार करेगी। इसके लिए कर्नाटक रेजिडेंट्स वेलफेयर कंसल्टेटिव कमेटी का गठन किया जाएगा, जोकि बेंगलुरु में अपार्टमेंट में रहने वालों के लिविंग स्टैंडर्ड में सुधार करेगा।
वहीं मेनिफेस्टो को जारी करते हुए सीएम बसवराज बोम्मई ने कहा कि राज्य के विकास में मेनिफेस्टो को ध्यान में रखा जाता है। हम मजबूत राज्य में विश्वास करते हैं जो मजबूत केंद्र की ओर ले जाएगा। ये जनता का घोषणापत्र है। इस घोषणा पत्र को सुधाकर एंड टीम ने तैयार किया है। उन्होंने लोगों और विशेषज्ञों से राय भी ली है।
कर्नाटक में बीजेपी ने इन सबके अलावा कई अन्य वादे भी मेनिफेस्टो में किये है।
ये है भाजपा के प्रमुख वादे :-
1- बीपीएल परिवारों को हर साल तीन फ्री गैस सिलेंडर उगाड़ी, गणेश चतुर्थी और दीपावली के मौकों पर दिए जाएंगे
2- नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में किफायती, गुणवत्ता वाला और स्वस्थ भोजन देने के लिए अटल आचार केंद्र स्थापित होंगे
3- पोषण योजना के तहत बीपीएल परिवार को हर दिन आधा किलो नंदिनी दूध और हर महीने पांच किलो श्री अन्न श्री धन्य राशन किट मुहैया कराई जाएगी
4- समान नागरिक संहिता लागू करने के लिए एक उच्च स्तरीय समिति बनाई जाएगी
5- बेघरों के लिए दस लाख मकान तैयार किए जाएंगे
6- एससी एसटी घरों की महिलाओं लिए पांच साल की 10 हज़ार रुपये की एफडी कराई जाएगी
7- सरकारी स्कूलों को विश्व स्तरीय मानदंडों के अनुसार अपग्रेड किया जाएगा
8- सीनियर सिटीजन के लिए हर साल मुफ़्त हैल्थ चेक अप होगा
9- कल्याण सर्किट, बनवासी सर्किट, परशुराम सर्किट, कावेरी सर्किट, गंगापुरा सर्किट के लिए 2500 करोड़ अलॉट किए जाएंगे
10 – 5 लाख के लोन पर कोई ब्याज नहीं लगेगा
11- 5 किलो चावल और 5 किलो मोटा अनाज देने का ऐलान
12- किसानों को बीज के लिए 10 हजार रुपये दिए जाएंगे
विदित हो कि कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा कांग्रेस सहित अन्य पार्टियां जोर शोर से प्रचार प्रसार में लगी हैं और मतदाताओं को लुभाने के लिए घोषणा पत्र जारी करने के साथ ही बड़े नेताओं द्वारा लगातार जगह जगह दौरे कर चुनावी सभाओं को संबोधित किया जा रहा हैं। जनता से अपने पक्ष में वोटिंग की लगातार अपील की जा रही हैं। कर्नाटक विधानसभा चुनाव को लेकर 10 मई को मतदान होना है वही 13 मई को चुनाव परिणाम घोषित किया जाएगा।

More Stories
होर्मुज में भारतीय जहाज पर गोलीबारी के बाद भारत ने ईरानी राजदूत को किया तलब, दर्ज कराया विरोध
राज्यमंत्री श्रीमती गौर का सख्त रुख: लापरवाही पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा का किया शुभारंभ,19 को गंगोत्री यमुनोत्री, 22 को केदारनाथ व 23 को बद्रीनाथ के खुलेंगे कपाट