April 27, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

उज्जैन में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, लोगों ने किया विरोध समझाइश के बाद खुद ने हटाया अतिक्रमण

उज्जैन: उज्जैन में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन द्वारा आज एक बड़ी कार्रवाई की गई। आज शुक्रवार सुबह नगर निगम और उज्जैन विकास प्राधिकरण (UDA) ने संयुक्त रूप से मुस्लिम बहुल क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की। इस अभियान में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उन 28 संपत्तियों को चिन्हित किया गया, जो या तो बिना लीज नवीनीकरण के बेची गई थीं या जिन पर अवैध निर्माण पाया गया था। प्रारंभिक चरण में तीन संपत्तियों पर कब्जा लेने की कार्रवाई की गई।

कार्रवाई की जानकारी मिलते ही सुबह 5 बजे से मुस्लिम समाज के लोग बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालात को देखते हुए कुछ समय के लिए महाकाल मंदिर की ओर जाने वाला मार्ग भी एहतियातन बंद करना पड़ा।

मौके पर उज्जैन विकास प्राधिकरण के सीईओ संदीप सोनी, एसडीएम एलएन गर्ग और एडिशनल एसपी नीतेश भार्गव खुद मौजूद रहे। इलाके में शांति बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

प्रशासन ने प्रदर्शन कर रहे लोगों से संवाद स्थापित किया। शहर काजी और मुस्लिम समाज के अन्य प्रतिनिधियों से बातचीत के बाद स्थिति में सुधार आया। समझाइश के बाद समाज के लोगों ने कुछ अतिक्रमण स्वयं हटाने शुरू कर दिए और प्रशासन के अभियान में सहयोग भी किया।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई पूरी तरह से कानूनी है और इसमें किसी भी समुदाय के साथ पक्षपात नहीं किया गया है। नियमों के उल्लंघन पर समान रूप से कार्रवाई की जा रही है।

इस दौरान लोगों में डर के साथ ही अफरातफरी का माहौल भी निर्मित हुआ साथ ही लोगों में पुलिस बल व प्रशासनिक तैयारी देखकर हड़कम्प भी मच गया था। प्रशासन की समझाइश के बाद मामला शांत हुआ और लोगों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाना शुरू भी कर दिया।

Share to...