April 18, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

चमोली में बड़ा हादसा, करंट लगने से 16 लोगो की मौत कई की हालत गंभीर, पीएम, गृहमंत्री ने जताया शोक, सीएम ने दिए मजिस्ट्रियल जाँच के आदेश

उत्तराखंड में फिर एक बड़ा हादसा हो गया। करंट लगने से 16 लोगो की मौत हो गई वही कई लोगो की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई हैं। प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह सहित उत्तराखंड के सीएम ने घटना पर शोक प्रकट किया वही उत्तराखंड सीएम ने मृतको के परिजनों को राहत राशि देने की घोषणा भी की हैं।

दरअसल उत्तराखंड के चमोली जिले में नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साइट पर बड़ा हादसा हो गया। यहां करंट लगने से दो दर्जन से ज्यादा लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। सभी को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की चपेट में आने से अब तक 16 लोगों की मौत हो गई है वही ऐसी आशंका है कि मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है। इस हादसे में छह पुलिस कर्मियों की भी जान चली गई है। जानकारी के मुताबिक इस हादसे की चपेट में आने से 20 से ज्यादा लोग भी बुरी तरह झुलस गए हैं। इनमें दो लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें श्रीनगर के हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, वहीं प्रशासन ने इस मामले में चुप्पी साध रखी है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली घटना में मृतकों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की राहत राशि देने का ऐलान किया है।

बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात को भी सीवर प्लांट के चौकीदार की भी करंट लगने से मौत हो गई थी. मृतक का व्यक्तिगत पंचनामा करने के लिए पुलिस और स्थानीय लोग के साथ सीवर प्लांट के पास पहुंची थी, तभी अचानक फिर से प्लांट में करंट दौड़ गया, जिससे यह हादसा हो गया।

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली घटना पर दुख जताते हुए न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं। सीएम ने कहा,’यह एक दुखद घटना है। जिला प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है। घायलों को हायर सेंटर रेफर किया जा रहा है। हेलीकॉप्टर के जरिए एम्स ऋषिकेश में शिफ्ट किया जा रहा है। इसके अलावा मजिस्ट्रियल जांच कराने के निर्देश भी दे दिए गए हैं।

एसपी चमोली ने बताया कि चमोली जिले में अलकनंदा नदी के किनारे ट्रांसफॉर्मर फटने से कई लोगों की मौत हो गई और जब कई बुरी तरह घायल हो गए हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में बाहर लोगों की भीड़ जमा हो गई है इसके अलावा अस्पताल और घटना स्थल पर आलाधिकारियों का तांता लग गया है।

घटना में एक पुलिस सब इंस्पेक्टर और पांच होम गार्ड समेत करीब 16 लोगों की मौत हो गई है। इस मामले की जांच जारी है। प्रथम दृष्टया पता चला है कि रेलिंग पर करंट फैल जाने से वहां मौजूद चपेट में आ गए।

घटना को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। पीएमओ की तरफ से ट्वीट करते हुए लिखा गया, “अत्यंत पीड़ादायक! उत्तराखंड के चमोली में हुए हादसे से बहुत दुख हुआ है। शोकाकुल परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना प्रकट करने के साथ ही सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घटना को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी से बात की। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “उत्तराखंड के चमोली में करंट लगने से लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। मैंने मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जी से बात कर घटना की जानकारी ली। प्रशासन घायलों को उपचार पहुँचाने में जुटा है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

Share to...