October 3, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

Asian Games 2026 Cricket News: भारत और पाकिस्तान के बीच खिताबी मुकाबला आज, नहीं रखा गया है कोई रिजर्व डे

 एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट इवेंट का फाइनल मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाना है. भारतीय समयानुसार यह खिताबी मुकाबला सुबह 10:00 बजे शुरू होगा. हालांकि, टूर्नामेंट के शुरुआती स्टेज में इसी मैदान पर लगातार हुई मूसलाधार बारिश के चलते चारों क्वार्टर फाइनल मैच बिना एक भी गेंद फेंके रद्द करने पड़े थे. भले ही दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों का नतीजा साफ निकला हो, लेकिन शनिवार के फाइनल मैच पर अगर मौसम का साया पड़ता है, तो विजेता कौन होगा? क्योंकि इस महामुकाबले के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है.

मैच हुआ रद्द तो किसे मिलेगा गोल्ड मेडल?

पुरुष क्रिकेट के खिताबी मुकाबले के लिए कोई रिजर्व डे नहीं रखा गया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर बारिश के कारण फाइनल रद्द होता है, तो भारत और पाकिस्तान दोनों को संयुक्त रूप से गोल्ड मेडल दिया जाएगा. यही नियम तीसरे स्थान यानी ब्रॉन्ज मेडल के मुकाबले पर भी लागू होगा. अगर बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच होने वाला मुकाबला रद्द होता है, तो दोनों टीमों को संयुक्त रूप से ब्रॉन्ज मेडल दिया जाएगा.

पिछले एशियन गेम्स में क्या था नियम?

साल 2023 के पिछले एशियन गेम्स में परिस्थिति बिल्कुल अलग थी. अफगानिस्तान के खिलाफ फाइनल मुकाबले में जब अफगानिस्तान ने 18.2 ओवर में 112/5 रन बनाए थे, तभी बारिश आ गई थी और खेल दोबारा शुरू नहीं हो सका था. उस समय नियम के अनुसार उच्च आईसीसी टी20I रैंकिंग होने के आधार पर भारतीय टीम को सीधे गोल्ड मेडल का विजेता घोषित कर दिया गया था. हालांकि, इस बार रैंकिंग का फायदा किसी भी टीम को नहीं मिलेगा.

मौजूदा 2026 एडिशन में क्वार्टर फाइनल तक तो यही नियम चला, जहां मैच रद्द होने पर टॉप वरीयता प्राप्त टीमें सेमीफाइनल में पहुंच गईं. लेकिन फाइनल और ब्रॉन्ज मेडल मैच के लिए इस नियम को बदल दिया गया है और रैंकिंग के आधार पर विजेता तय करने की जगह पदक शेयर करने का नियम लागू किया गया है.

Share to...