नई दिल्ली: देश के कई राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने 17 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान करीब 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। IMD ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और पूर्वोत्तर भारत में तो भारी बारिश होने की भविष्यवाणी की है।
मौसम विभाग की गणना के अनुसार, फिलहाल मानसून बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में अनुकूल परिस्थितियों के चलते धीरे-धीरे उत्तर और पूर्व की ओर बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में इससे पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश बढ़ने की संभावना है। फिलहाल अगले 12 घंटों के अंदर अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में मानसून का असर साफ देखा जा सकेगा। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में भी भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली (21-26 मई): मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक लू चलने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तापमान 47 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है। इस दौरान तेज गर्म हवाएं 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। वहीं राज्य में आज आसमान साफ रहेगा।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में भीषण लू का अलर्ट (21-26 मई): पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले 5 दिनों तक भीषण लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान राजधानी लखनऊ में गर्म और शुष्क मौसम रहेगा, जबकि तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं कानपुर, वाराणसी, आगरा, गोरखपुर, बांदा और प्रयागराज में तेज धूप के साथ गर्म हवाएं चल सकती हैं।
बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम
बिहार में बारिश का अलर्ट (21-26 मई): मौसम विभाग ने बिहार में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई है। इस दौरान 70 की स्पीड से आंधी भी देखने को मिल सकती है। राजधानी पटना में गर्मी के साथ साथ हल्के बादल भी छाए रहेंगे। गया में हीटवेव की स्थिति बन सकती है। जबकि मुजफ्फरपुर में उमस और तेज धूप हो सकती है।
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम
पूर्वी राजस्थान में गर्म रातों का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि जयपुर में पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं जोधपुर, बीकानेर, कोटा, उदयरपुर में दिन में तेज धूप के साथ गर्म हवाएं भीषण गर्मी का एहसास कराएंगी।
हिमाचल प्रदेश में झमाझम बारिश के आसार (21-23 मई): मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में 21 से 23 मई के बीच गरज-चमक के साथ तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। शिमला, मनाली, मंडी, कुल्लू, धर्मशाला, चंबा में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
झारखंड में आज कैसा रहेगा मौसम
झारखंड में आंधी-बारिश का अलर्ट (21-26 मई): झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, देवघर में अगले 12 घंटों में मौसम बदलने वाला है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी के अनुसार, झारखंड में 26 मई तक गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश देखने को मिल सकती है। जबकि 23 और 24 मई को आंधी का अलर्ट भी जारी किया गया है।
उत्तराखंड में तेज हवा के साथ बारिश की संभावना (21-26 मई): उत्तराखंड के देहरादून में आज बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान हल्की बारिश होने की भी संभावना है। नैनीताल, चमोली में भी यही स्थिति देखने को मिलेगी। मौसम विभाग ने राज्यों में 22 और 23 मई को तेज हवाओं के साथ बारिश होने का अलर्ट जारी किया है।
जम्मू-कश्मीर में आज कैसा रहेगा मौसम
जम्मू-कश्मीर में तेज आंधी का अलर्ट (21-22 मई): IMD ने जम्मू-कश्मीर में अगले 48 घंटों में तेज आंधी चलने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। जबकि गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है। श्रीनगर, जम्मू, पुंछ, अनंतनाग, बारामूला, उधमपुर में बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।

More Stories
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मध्यप्रदेश राज्य व्यापारी कल्याण बोर्ड का हुआ गठन
देवास के टोंककला पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले का मुख्य आरोपी मुकेश विज नईदिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार
पीथमपुर की फ्लेक्सी टॉप इंटरनेशनल कंपनी में लगी भीषण आग, दूर दूर से दिखाई दी आग की लपटें