उज्जैन (डॉ हीना तिवारी): विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। देर रात्रि से ही बाबा महाकाल के दर्शन के लिए भक्त बड़ी संख्या में उमड़ पड़े हैं। बाबा महाकाल के दर्शन के लिए लंबी लंबी कतार लगी हैं। जय श्री महाकाल के जयकारों से आकाश गुंजायमान हो रहा हैं।
आज उज्जैन में करीब 10 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। सुबह 7 बजे तक एक लाख से अधिक भक्त भगवान महाकाल के दर्शन कर चुके हैं। रविवार होने के कारण भीड़ लगातार बढ़ रही है, जबकि शहर के होटल, लॉज और होम-स्टे पहले से ही फुल बुक हैं।
रात 2:30 बजे मंदिर के पट खोले गए और प्रथम घंटाल के साथ प्रवेश किया गया। मंत्रोच्चार के बीच गर्भगृह में स्थापित प्रतिमाओं का पूजन कर हरिओम का जल अर्पित किया गया। कपूर आरती के बाद जलाभिषेक और पंचामृत से विशेष पूजा संपन्न हुई।
अलसुबह भस्म आरती में भगवान महाकाल को राजा स्वरूप में सजाया गया। भांग, चंदन और त्रिपुंड अर्पित कर ज्योतिर्लिंग को वस्त्र से ढांककर भस्म रमाई गई। रजत शेषनाग मुकुट, मुंडमाल, रुद्राक्ष और मोगरा-गुलाब की मालाओं से दिव्य श्रृंगार किया गया। बाबा महाकाल के दिव्य दर्शन से भक्त अपने आप को धन्य मान रहे हैं। भक्तों में खासा उत्साह नजर आया।
महाकाल मंदिर समिति के अनुसार औसतन 40 मिनट में श्रद्धालुओं को दर्शन कराए जा रहे हैं। परंपरा के अनुसार दिनभर जल अर्पण और चार पहर की पूजा होगी। 16 फरवरी की रात 10:45 बजे शयन आरती के बाद मंदिर के पट बंद होंगे। करीब 44 घंटे तक लगातार दर्शन की व्यवस्था रहेगी।
भस्म आरती के बाद दिनभर विभिन्न आरतियां और अभिषेक पूजन निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न होंगे।
महाशिवरात्रि पर भक्तों का सैलाब उमड़ा हुआ हैं। सुरक्षा के भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं साथ ही भक्तों को बाबा महाकाल के शीघ्र दर्शन हो सके उन्हें किसी प्रकार की परेशानियों का सामना न कर सकें इसके लिए मंदिर समिति व पुलिस व प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जगह जगह पर पुलिसकर्मियों के साथ ही मंदिर समिति के वालंटियर व सुरक्षा गार्ड मौजूद हैं। पुलिस व प्रशासन ने पार्किंग सहित अन्य सुविधाएं जुटाई हैं। महाशिवरात्रि पर धार्मिक व भक्तिमय माहौल नजर आ रहा हैं।

More Stories
होर्मुज में भारतीय जहाज पर गोलीबारी के बाद भारत ने ईरानी राजदूत को किया तलब, दर्ज कराया विरोध
राज्यमंत्री श्रीमती गौर का सख्त रुख: लापरवाही पर एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने के निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा का किया शुभारंभ,19 को गंगोत्री यमुनोत्री, 22 को केदारनाथ व 23 को बद्रीनाथ के खुलेंगे कपाट