प्रणव कुमार दुबे
पटना: बिहार विधानसभा के बजट सत्र के पांचवें दिन प्रश्न काल के दौरान बैकुंठपुर के बीजेपी विधायक मिथिलेश तिवारी ने विदेशी नागरिकों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि 1990 से 2015 तक यानी 25 सालों में बड़ी संख्या में विदेशी नागरिक गोपालगंज आए थे। वह जानना चाहते हैं कि क्या सभी लौटे या स्थायी तौर पर बस गए हैं?
विदेशी नागरिकों के बारे में प्रश्न करते हुए तिवारी ने कहा कि 25 सालों में 173 नागरिक पाकिस्तान, रूस और उज्बेकिस्तान से गोपालगंज आए थे। गोपालगंज टूरिस्ट प्लेस भी नहीं है, ऐसे में गंभीर सवाल है कि इतनी तादाद में विदेशी नागरिक क्यों आए? साथ ही आने वाले सभी लोग वापस गए कि नहीं, इसकी भी जानकारी नहीं मिल रही है।
बीजेपी विधायक ने कहा कि पाकिस्तान के रावलपिंडी से कुल 167 नागरिक आए थे उनको लेकर कोई सटीक जानकारी नहीं है, ऐसे में ये जानना जरूरी है कि क्या वह नाम बदलकर किसी दूसरी जगहों पर रह रहे हैं? अगर ऐसा है तो फिर गंभीर साजिश की आशंका है।
माननीय विधायक ने सवाल करते हुए कुछ आंकड़े साझा किए, उन्होंने कहा कि 1990 से 2015 के बीच 173 विदेशी नागरिक गोपालगंज आए थे। इसी के साथ तिवारी ने उनके जाने को लेकर कोई अधिकारिक दस्तावेज न होने की बात कही, जो ये दावा करता हो कि वो चले गये हैं, ऐसे लोग धार्मिक यात्रा पर आते हैं और आकर के भारत की नागरिकता ले लेते हैं।
वहीं सदन से बाहर पत्रकारों से बात चित के दौरान विधायक ने एसoआईoआरo पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि “क्या मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में भी इन्हें नहीं पकड़ा जा सका, तो संभव है कि कहीं दूसरे स्थान पर चले गए हों और वहां मकान बना लिया हो, नाम बदलकर रह रहे होंगे, आधार कार्ड बना लिया होगा। संभव है किशनगंज में रहने चले गए हों, आखिर किस मंशा से आए थे, यह एक गंभीर सवाल है।”
गृहमंत्री ने दिया जांच का भरोसा: बीजेपी विधायक ने पत्रकारों को बताया कि सरकार की ओर से उपमुख्यमंत्री सह गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने पूरे मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया है।

More Stories
पश्चिम बंगाल सहित 3 राज्यों में भाजपा की प्रचंड जीत पर भाजपा नेता कार्यकर्ताओ ने मनाया जश्न
गरुड़ पोर्टल से सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की होगी केंद्रीकृत रीयल-टाइम मॉनिटरिंग
हिमाचल प्रदेश के प्रमुख सचिव संजय गुप्ता ने किए महाकाल के दर्शन, भस्मारती में हुए शामिल