April 21, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

बसंत पंचमी पर बाबा महाकाल का दिव्य अलौकिक श्रृंगार, बाबा को चढ़ाया पीले वस्त्र, प्रसाद व गुलाल

उज्जैन (डॉ हीना तिवारी): आज शुक्रवार को बसंत पंचमी पर्व की शुरुआत विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर से श्रद्धा और उल्लास के साथ हुई। बसंत पंचमी के अवसर पर भगवान महाकाल को पीले वस्त्र, पुष्प एवं गुलाल अर्पित किया गया। मान्यता के अनुसार महाकाल मंदिर के आंगन से ही गुलाल अर्पित कर होली पर्व की शुरुआत मानी जाती है। बसंत पंचमी से लेकर होली तक प्रतिदिन भगवान को गुलाल अर्पित किया जाएगा।

बारह ज्योतिर्लिंगों में से एक श्री महाकालेश्वर मंदिर में तड़के चार बजे मंदिर के कपाट खोले गए। इसके पश्चात भगवान महाकाल का जल से स्नान कराया गया। फिर दूध, दही, घी, शहद एवं फलों के रस से निर्मित पंचामृत से विधिवत अभिषेक-पूजन किया गया। इस दौरान भगवान को पीले रंग के पकवानों का भोग अर्पित किया गया।

बसंत पंचमी के पावन अवसर पर बाबा महाकाल का विशेष रूप से राजा स्वरूप में श्रृंगार किया गया। भगवान के मस्तक पर त्रिपुंड, चंद्र एवं पुष्पों से अलंकृत श्रृंगार किया गया। भस्म आरती के दौरान भगवान महाकाल का भांग, चंदन, सिंदूर एवं आकर्षक आभूषणों से भव्य श्रृंगार किया गया। रत्नजड़ित तिलक, रजत मुकुट, रजत की मुंडमाला ओर रुद्राक्ष माला से बाबा महाकाल की शोभा अद्भुत नजर आई।

भस्म आरती और दिव्य श्रृंगार के दर्शन कर श्रद्धालु भाव विभोर हो उठे। बसंत पंचमी पर्व के शुभ अवसर पर मंदिर परिसर हर हर महादेव, जय श्री महाकाल के जयघोष से गूंज उठा। भक्तों ने भक्तिमय माहौल में पर्व पर बाबा महाकाल के दर्शन लाभ लिए।

Share to...