भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर रिलीज हुई हिन्दी फिल्म “छावा” को पूरे मध्यप्रदेश में टैक्स फ्री करने की घोषणा की है। यह फिल्म शिवाजी महाराज के पुत्र संभाजी के जीवन पर केन्द्रित है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बुधवार को जबलपुर में स्टेडियम लोकार्पण कार्यक्रम में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि संभाजी महाराज ने अपने जीवन में सभी यातनाएं सहते हुए राष्ट्र और धर्म के लिए अपने प्राण दे दिए थे। छावा उन पर बनी ऐतिहासिक फिल्म है। यह फिल्म राष्ट्रप्रेम का संदेश देती है। शिवाजी महाराज के पुत्र संभाजी महाराज की देश भक्ति और उनके जीवन की विभिन्न महत्वपूर्ण घटनाओं से नागरिकों को परिचित करवाने के लिए मध्यप्रदेश में फिल्म टैक्स फ्री रहेगी।
सीएम डॉ मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट करके जयंती के अवसर पर शिवाजी को नमन किया था। उन्होंने लिखा, हिन्दवी स्वराज्य के संस्थापक, वीर शिरोमणि एवं राष्ट्रनायक छत्रपति शिवाजी महाराज जी की जयंती पर सादर नमन करता हूं। मातृभूमि के सम्मान एवं स्वतंत्रता के लिए शिवाजी महाराज जी की निष्ठा, समर्पण बलिदान हमें अनंत काल तक प्रेरित करती रहेगी।
बता दें कि लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी ‘छावा’ मराठा शासक छत्रपति संभाजी महाराज उनकी पत्नी महारानी येसूबाई पर आधारित है। छत्रपति शिवाजी के पुत्र संभाजी का किरदार विक्की कौशल ने निभाया है। वहीं, मुगल बादशाह औरंगजेब की भूमिका में अभिनेता अक्षय खन्ना हैं।
भव्य सेट, वीरता की कहानी शानदार कलाकारों से सजी फिल्म विवादों में भी घिरी। फिल्म के उस सीन को लेकर जबरदस्त विरोध देखने को मिला था, जिसमें संभाजी महाराज के किरदार में विक्की कौशल राज्याभिषेक के बाद महारानी येसूबाई के किरदार रश्मिका मंदाना के साथ नृत्य करते नजर आए।
रश्मिका मंदाना-विक्की कौशल स्टारर ‘छावा’ 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। रिलीज के पहले से फिल्म की पूरी टीम प्रमोशन में जुटी रही। घृष्णेश्वर मंदिर में महादेव के दर्शन से शुरुआत करने के बाद छावा की टीम कोलकाता, पटना, संभाजीनगर अमृतसर जैसे देश के बड़े-बड़े शहरों में गई।

More Stories
जनसुनवाई में प्राप्त शिकायत पर की गई त्वरित कार्रवाई, अतिक्रमण हटाकर रास्ता किया गया सुगम
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत पक्षियों के पेयजल के लिए ग्राम सरवना में विभिन्न स्थानों पर मिट्टी के पात्र रखे गए
सरकार की खेत तालाब योजना किसान के लिए बनी वरदान, अधिक उत्पादन से हुआ फायदा