April 20, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

एनपीएस निजीकरण भारत छोड़ो पेंशन रथयात्रा पहुँची खरगोन, सैकड़ो कर्मचारी हुए शामिल सरकार को दी चेतावनी

खरगोन: खरगोन में एनएमओपीएस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु की अगुवाई में एनपीएस निजीकरण भारत छोडो पेंशन रथयात्रा के पहुंचने पर भव्य और जोरदार स्वागत किया गया। रथयात्रा में सैकडो कर्मचारी शामिल थे। रात में पहुंची यात्रा का विभिन्न कर्मचारी संगठनो सहित स्थानीय विधायक रवि जोशी ने बावडी बस स्टैंड पर भव्य स्वागत किया गया।

पुरानी पेंशन बहाली को लेकर अब कर्मचारी लामबन्द हो गये है। मध्यप्रदेश में नवम्बर में होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले पुरानी पेंशन को लेकर सरकार से आरपार की लडाई का कर्मचारियों ने मूड बना लिया है। करीब 6 घन्टे लेट पहुंची रथयात्रा का शहर में जगह जगह स्वागत किया गया। रात हो जाने के बाद भी शहर की सडको पर कर्मचारियों का जमावड़ा देखा गया है। शहर पुरानी पेंशन बहाली की मांग से गूंज उठा। इस दौरान जिला अध्यक्ष दिनेश पटेल, 52 विभागो के कर्मचारी और विभिन्न संगठनो के पदाधिकारी सहित हजारो कर्मचारी मौजूद थे।

देरी से पहुंचने के बाद भी अपने स्वागत से अभीभूत राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार बंधु का मीडिया से चर्चा के दौरान कहना था की एनपीएस निजीकरण भारत छोडो पेंशन रथयात्रा गांधी जी के बिहार चंपारण से 1 जून को निकली है। उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड होते हुए मध्यप्रदेश पहुंची है। हमारी एक मात्र मांग है पुरानी पेंशन बहाल करो, और निजीकरण का विरोध है। अपने भविष्य को लेकर चिन्तित कर्मचारी की सरकार से केवल एक ही गुहार है पुरानी पेंशन बहाल करो।

मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव है, सरकार से एक ही मांग है पुरानी पेंशन बहाल करे। अगर सरकार हमारी मांग मानेगी तो स्वागत है। वरना विधानसभा चुनाव में वोट की चोट मारने को हम तैयार है। हिमाचल और कर्नाटक में ओपीएस के मुद्दे पर ही सरकार बनी है। कर्मचारी ने अपने भविष्य को लेकर आरपार की लडाई का मन अब बना लिया है।

Share to...