April 20, 2026

News Prawah

UDYAM-MP-49-0001253

काव्य गोष्टी का आयोजन कर मनाया जश्ने आजादी

नीमच: जलेस ने आजादी के 75वी वर्षगाँठ पर काव्य गोष्टी आयोजित कर जश्ने आज़ादी मनाया,काव्य गोष्टी में रचनाकारों ने शहीदों को याद कर पेश किए एक से बढ़कर एक कलाम

जलेस ने भारत का 76 वां यौमे आज़ादी हर्षोल्लास से मनाया। संस्था ने स्वतंत्रता संग्राम का संघर्ष याद करते हुए,गीत,गज़लों और कविताओं की महफिल सजाई,जिसमें शहर के शायरों और कवियों ने अपनी एक से बढ़कर एक रचनाएं प्रस्तुत कीं

कोरोना काल के बाद भारत की आज़ादी का जश्न शानो-शौक़त से मनाया गया। देश-प्रदेश सहित नीमच जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। यौमे आज़ादी के मौके पर जनवादी लेखक संघ नीमच ने काव्य गोष्टी आयोजित की। जलेस सचिव के.सी.सेन ने बताया कि आज़ादी के 75 वें अमृत महोत्सव के तहत सोमवार 15 अगस्त 2022 को यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है। साथ ही देश की आज़ादी में अपनी कुर्बानी देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धा सुमन अर्पित कर शब्दांजलि पेश की गई।

कार्यक्रम का आयोजन जलेस कार्यालय पर हुआ। जो दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक चला। इस दौरान शहर के रचनाकारों ने देशभक्ति-राष्ट्रप्रेम सहित अन्य विषयों पर अपनी रचनाएँ पेश की साथ ही खूब दाद बटोरी।

वरिष्ठ कवि निरंजन गुप्ता राही ने अपनी रचना समय के बदलते सायों के रंग – अँधेरे से दौड़ता प्रकाश सुनाई,जिस पर उन्हें खूब दाद मिली,किशोर जेवारिया की रचना -लिखे लेखनी जब भी मेरी,काम करे अंगारों का पढ़ कर सबका मन मोह लिया। मंजुला धीर “जांगिड” ने ये जो सियाह अँधेरे हैं,रंग इनके बहुत गहरे हैं,जन गण मन की कौन सुने,साहिब मुसाहिब बहरे हैं रचना प्रस्तुत की। जलेस अध्यक्ष प्रियंका कविश्वर ने प्रीत हूँ मैं,जल की तरह,हर वक़्त,हर रूप में बस तुम्हारे साथ सुनाकर खूब तालियाँ बटोरी। युवा शायर आलम तौक़ीर “आलम” ने देशभक्ति गीत, सारे आलम में सबसे है प्यारा वतन,तुझ पे कुर्बान है दिल हमारा वतन,तेरी आगोश में मेरे अजदाद ने,वक़्त अपना ख़ुशी से गुज़ारा वतन पेश किया।

इस मौके पर कामरेड विजय बैरागी, शैलेन्द्र सिंह ठाकुर,के.सी.सेन,मुकेश नागदा,वसीम खान ने अपने विचार प्रस्तुत किए। उक्त जानकारी जलेस के प्रचार मंत्री आलम तौक़ीर “आलम” ने दी।

Share to...