प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 67वीं बार मन की बात कार्यक्रम में देश की जनता को संबोधित किया। उन्होंने करगिल युद्ध के 21 साल पूरे होने पर इस जंग में जान गंवाने वाले भारतीय सैनिकों को याद किया। प्रधानमंत्री ने कहा. पाकिस्तान ने भारत की पीठ में छुरा घोंपने की कोशिश की थी।
दुश्मन पहाड़ पर बैठा था, लेकिन जीत भारतीय सेना के हौसले और सच्ची वीरता की हुई।
प्रधानमंत्री ने कहा. वो दिन सबसे अनमोल क्षणों में से एक है। सोशल मीडिया पर भी लोग अपने वीरों को नमन कर रहे हैं। मैं सभी देशवासियों की तरफ से उन वीर माताओं को नमन करता हूं, जिन्होंने ऐसे वीरों को जन्म दिया।
उन्होंने कहा कि आज 26 जुलाई का दिन बहुत ही खास है। 21 साल पहले करगिल के युद्ध में हमारी सेना ने जीत का झंडा फहराया था। जिन परिस्थितियों में युद्ध हुआ, वह भारत कभी नहीं भूल सकता। पाकिस्तान ने बड़े-बड़े मंसूबे पालकर भारत की भूमि हथियाने का दुस्साहस किया था। भारत तब पाकिस्तान से अच्छे संबंधों के लिए प्रयासरत था।
लेकिन कहा गया है.कि बयरू अकारण सब काहू सों। जो कर हित अनहित ताहू सों। यानी दुष्ट का स्वभाव ही होता है, बिना किसी वजह दुश्मनी करना। ऐसे स्वभाव के लोग हित करने वाले का भी नुकसान सोचते हैं। आप कल्पना कर सकते हैं कि ऊंचे पहाड़ों पर बैठा दुश्मन और नीचे लड़ रही हमारी सेनाएं, लेकिन जीत ऊंचे पहाड़ों की नहीं हमारे जवानों की सच्ची वीरता की हुई।
वहीं कोरोना को लेकर उन्होंने कहा कि हमारे यहां कोरोना से मृत्यु दर दुनिया के काफी देशों से कम है, लेकिन कोरोना अब भी उतना ही घातक है, जितना शुरू में था। चेहरे पर मास्क, दो गज की दूरी, कहीं थूकना नहीं, इस बात का ध्यान रखना है। यही हमें कोरोना से बचा सकता है।
वहीं रक्षाबंधन को लेकर कहा कि कुछ दिन बाद रक्षाबंधन आ रहा है। कई संस्थाएं इस बार यह पर्व अलग तरीके से मनाने का अभियान चला रहे हैं। लोकल से वोकल की बात भी की जा रही है। यही करना बेहतर रहेगा। नेशनल हैंडीक्राफ्ट दिवस भी आ रहा है। हम न केवल इसका ज्यादा से ज्यादा उपयोग करें, बल्कि दुनिया को भी बताएं। हमारे हैंडलूम में बहुत पोटेंशियल है। इससे हमारे लोकल कारीगरों को लाभ होगा।
भारत से हजारों मील दूर एक देश सूरीनाम को लेकर बोला कि सालों पहले भारत से लोग वहां गए और घर बना लिया। वहां सरनामी भी एक भाषा है। यह भोजपुरी की ही एक बोली है। चंद्रिका प्रसाद संतोखी राष्ट्रपति हैं। उन्होंने संस्कृत में शपथ ली और वेदों के मंत्र का उच्चारण किया। मैं भी संतोखी को 130 करोड़ भारतीयों की तरफ से शुभकामनाएं देता हूं।

More Stories
जम्मू कश्मीर के उधमपुर में बड़ा बस हादसा, 7 यात्रियों की मौत कई घायल
अक्षय तृतीया पर श्री महाकालेश्वर को 22 लाख का महाभोग: पुणे के परिवार ने अर्पित किए 1250 किलो हापुस आम और 1250 ग्राम केसर
मौसम विभाग ने 15 राज्यों में तूफानी बारिश के साथ आंधी चलने व कई राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट किया जारी